
जबलपुर। मझगवां थाना अंतर्गत पराखेड़ा में मवेशियों को देखने खेत गए किसान पर अज्ञात ने फायर कर दिया। हमले मेें घायल किसान बेहोश हो गया और खेत में ही खून से लथपथ पड़ा रहा। जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढते हुए खेत पहुंचे इसके बाद उसे मेडिकल में भर्ती कराया गया। हमलावर कौन है इसका पता नहीं चल सका है मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक रामनारायण कोल पिता लोटन कोल 38 वर्ष निवासी पाराखेडा मझगवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई वह खेती किसानी करता है। बीती रात 11.30 बजे घर से खेत धान की फसल देखने गया था क्योकि मवेशी धान की फसल को नुकसान करते है। खेत में मवेशियों को देखरेख कर पूरा खेत घूमा किंतु मवेशी नहीं मिले। रात्रि करीब 11.30 बजे गोली चलने की आवाज आई, इसके बाद वह घायल होकर गिर गया। उसे कमर में चोटें आने से बेहोश हो गया। परिजन ढूंढते ढूंढते पहुंचे और बेहोश की हालत में उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। मंगलवार को मेडिकल से सूचना मिलने पर गढ़ा पुलिस पहुंची। रामनारायण कोल को गोली लगने की सूचना गढ़ा पुलिस ने मझगवां पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
