जबलपुर: प्रांतीय शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा 2 मार्च 2026 को जारी किए गए टीईटी परीक्षा आदेश के खिलाफ शिक्षक संघ सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करेगा। प्रदेश अध्यक्ष मनोहर दुबे ने बताया कि आदेश के बाद शिक्षक वर्ग में हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ वकीलों से सलाह लेने के बाद प्रदेश के शिक्षकों के हित में कानूनी कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।
संघ ने सभी जिलाध्यक्षों से 22 मार्च 2026 को जिला स्तरीय बैठकें आयोजित कर शिक्षकों को निर्णय और इसके संभावित प्रभावों की जानकारी देने को कहा है। इसके साथ ही 29 मार्च 2026 को भोपाल में प्रथम नियुक्ति दिनांक और वरिष्ठता के विषय पर सभी शिक्षक संघों के अध्यक्षों की उपस्थिति में संयुक्त मोर्चा बनाने का आह्वान किया गया है। मनोहर दुबे ने कहा कि प्रांतीय शिक्षक संघ 2001-2003 के संविदा शिक्षकों के हितों के लिए पहले भी सुप्रीम कोर्ट और सरकार तक लड़ाई लड़ चुका है और अब पुनः सभी साथियों के हितों की रक्षा के लिए कानूनी संघर्ष करेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया।
