दो फील्ड ऑफिसर 7.35 लाख लेकर फरार

जबलपुर: भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड की शहपुरा शाखा में बैंक के ही दो संगम मैनेजरों (फील्ड ऑफिसर) ने ग्रामीण महिलाओं से लोन चेक करने के बहाने उनका अंगूठा लगवाया और उनके खातों से 7.35 लाख रुपए पार कर दिए। शहपुरा पुलिस ने ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया कि राजा यादव भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड की ब्राँच शहपुरा में ब्राँच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

कंपनी के संगम मैनेजर शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समूह लोन देने व उनकी किश्तों के कलेक्शन का कार्य करते हैं। उसकी ब्रांच में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत दीपक गौंड, निवासी हरदुआ, सिंगोरगढ़, जवेरा, जिला दमोह एवं मोतीलाल यादव, निवासी ग्राम जमुनिया, चिखली पडरई, वुजुर्ग, जिला सागर का काम ग्रामीण व शहरी महिलाओं को समूह लोन बांटना और किश्तें वसूलना था।

दोनों ने अपने पद का फायदा उठाकर महिलाओं को झांसा दिया कि वे उनकी किश्तें और प्री-पेमेंट बैंक में जमा करा देंगे। इसके बाद, आपका लोन पास हुआ है या नहीं, यह चेक करना है कहकर आरोपियों ने महिलाओं से बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाया। अंगूठा लगते ही उन्होंने महिलाओं के खातों से लोन की रकम निकाल ली और बैंक या महिलाओं को बताए बिना खुद रख ली। जांच के बाद सामने आया कि दोनों फील्ड अफसरों ने बैंक और गरीब महिलाओं को कुल 7,35,460 का चूना लगाया है।

दीपक गौंड ने 4,71,514 का गबन किया। मोतीलाल यादव ने 2,63,946 का गबन किया। जब ब्रांच मैनेजर राजा यादव को इस धोखाधड़ी की भनक लगी, तो उन्होंने दोनों से संपर्क कर पैसे लौटाने को कहा। इस पर आरोपियों ने सुधरने के बजाय हेकड़ी दिखाई और कहा, हम पैसे नहीं लौटाएंगे, तुम्हें जिस थाने में शिकायत करनी है कर दो। इसके बाद से ही दोनों आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हैं।

Next Post

पहाड़ी में मिली मानव खोपड़ी, छानबीन में जुटी पुलिस

Thu Jun 4 , 2026
जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास पहाड़ी में उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से मानव खोपड़ी को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में […]

You May Like