जबलपुर: शादी डॉट कॉम और अन्य नामी वैवाहिक वेबसाइट्स पर जीवनसाथी की तलाश कर रहे युवक-युवतियां जिस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपना घर बसाने के लिए कर रहे हैं, उसी को शातिर अपराधियों ने ठगी, ब्लैकमेलिंग और शारीरिक व मानसिक शोषण का अड्डा बना लिया है। फर्जी प्रोफाइल के जरिए युवाओं को जाल में फंसाकर अस्मत लूटी जा रही है और ब्लैकमेलिंग करते हुए लाखों रुपये की उगाही भी की जा रही है।
दरअसल वैवाहिक वेबसाइट्स पर जीवनसाथी की तलाश कर रहे लोग अब शातिर ठगों के निशाने पर हैं। हाल ही में सामने आए मामलों से खुलासा हुआ है कि शादी डॉट कॉम जैसी लोकप्रिय साइट्स का इस्तेमाल कर ठगों का एक संगठित गिरोह युवाओं को ब्लैकमेल कर रहा है। इस खेल में युवक और युवतियां दोनों ही शिकार बन रहे हैं। इस रैकेट में केवल महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष ठग भी युवतियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लडक़ोंं को निशाना बना रहे हैं। कई मामलों में युवतियां भी अमीर लडक़ों को फंसाकर उन पर झूठे केस करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूल रही हैं।
ऐसे फैला रहे जाल
ठग आकर्षक और हाई-प्रोफाइल नकली आईडी बनाते हैं। बातचीत शुरू कर पीडि़त का भरोसा जीता जाता है जल्द ही बातचीत को व्हाट्सएप पर शिफ्ट किया जाता है। वीडियो कॉल के दौरान जालसाज न्यूड या अश्लील वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लेते हैं। वीडियो हाथ में आते ही उनका असली चेहरा सामने आता है। बदनामी और परिवार को वीडियो भेजने की धमकी देकर लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। कई मामलों में युवतियों को मजबूरी का फायदा उठाकर शारीरिक शोषण का शिकार भी बनाया जा रहा है।
आंख बंद करके भरोसा न करें
एएसपी क्राइम जितेन्द्र सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस एक्शन लेती है। प्रकरण दर्ज करने के साथ संबंधित के खिलाफ आगे की कार्रवाई, गिरफ्तारी भी करते है। नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी प्रोफाइल पर आंख बंद करके भरोसा न करें। निजी जानकारी साझा न करें। अनजान व्यक्ति के साथ वीडियो कॉल पर आने से बचें। चैट पर ऐसी तस्वीरें या जानकारी न भेजें जिसका इस्तेमाल बाद में ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सके। ब्लैकमेल होने पर डरे नहीं, तुरंत शिकायत दर्ज कराये। सोशल मीडिया पर ठग अपनी आईडी बनाते हैं। आपसे दोस्ती कर आपको आर्थिक, शारीरिक नुकसान पहुंचा सकते है।
केस 1
7 जून को आदित्य सिंह पिता शिव शंकर सिंह, निवासी एसके गार्ड, बेंगलुरु सिटी, कर्नाटक को महिला थाने की पुलिस ने बेेंगलुरू से गिरफ्तार किया था । आरोपी मेट्रीमोनियल साइट शादी डॉट कॉम पर नाम बदलकर युवतियों को जाल में फंसाते हुए शादी का झांसा देकर उनकी प्राइवेट तस्वीरें खींचने के बाद ब्लैकमेल कर उनका शारीरिक शोषण कर उगाही भी करता था ।
केस 2
वैवाहिक वेबसाइट के जरिए दोस्ती कर महिला ने एक व्यापारी को हुस्न के जाल में फंसाया था और ब्लैकमेल शुरू कर दी थी। बलात्कार के झूठे केस में फंसाने के साथ धमकी देकर रंगदारी वसूली थी। आरोपी महिला पीडि़त से पहले ही लाखों रुपये ऐंठ चुकी थी। 4 जून को रांझी थाने में पीडि़त युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी ।
