बिजली चोरी कर सिंचाई करने वालों पर विद्युत विभाग का शिकंजा

मैहर : जिले के ग्रामीण इलाकों में अवैध कनेक्शन के जरिए खेतों की सिंचाई करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया है.सतना वृत्त के मैहर संभाग अंतर्गत उचेहरा वितरण केंद्र (डीसी) के करही और परसमनिया क्षेत्र के 5 गांवों में छापेमारी कर व्यापक स्तर पर बिजली चोरी पकड़ी गई.मौके से भारी मात्रा में अवैध तार और मोटर स्टार्टर जब्त कर दोषियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं. करही व परसमनिया अंचल में ट्रांसफार्मर और मुख्य लाइनों से सीधे तार जोड़कर पंप चलाने की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं.

इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने औचक निरीक्षण के लिए विशेष जांच दल गठित किया. विशेष चेकिंग अभियान के तहत टीम ने कुम्ही, आलमपुर, पिपरिया, रीछी और करही कला में दबिश दी. जांच के दौरान कई लोग सीधे मुख्य लाइनों में कटिया फंसाकर पंप चलाते रंगे हाथ पकड़े गए.टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध केबल, तार और स्टार्टर जब्त कर पंचनामा तैयार किया.सभी संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है. यह पूरी कार्रवाई उचेहरा डीसी प्रभारी अनुराग पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुई. अभियान में मुख्यालय प्रभारी अजय कुशवाहा, दुर्गेश सेन के साथ लाइन परिचारक विश्वजीत केवट, विनय कुशवाहा और राजेश भूमिया सक्रिय रूप से शामिल रहे. विभाग ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध बिजली उपयोग के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Next Post

केरल में 32 आबकारी अधिकारियों से जुड़े भ्रष्टाचार की जांच की मांग

Mon Nov 9 , 2026
तिरुवनंतपुरम, 09 नवंबर (वार्ता) पूर्व आबकारी आयुक्त श्रीराम सांबशिव राव द्वारा केरल सरकार को सौंपी गई एक रिपोर्ट के बाद, ‘जॉइंट काउंसिल ऑफ स्टेट सर्विस ऑर्गेनाइजेशंस’ ने आबकारी विभाग में भ्रष्टाचार, पदोन्नति में हेरफेर और बाहरी हस्तक्षेप के गंभीर आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की है। काउंसिल ने बताया […]

You May Like