जबलपुर: हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जबलपुर 2026-2028 कार्यकारिणी के चुनाव अंतर्गत मंगलवार को नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि थी। इस दौरान साफ हुआ कि सोमवार व मंगलवार को मिलाकर कुल 75 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं। 77 नामांकन पत्र क्रय किए गए थे, जिनमें से अध्यक्ष पद के दो दावेदारों ने नामांकन पत्र जमा नहीं किए।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष संजय वर्मा व धन्य कुमार जैन, पूर्व सचिव परितोष त्रिवेदी, संपूर्ण तिवारी व शंभूदयाल गुप्ता के रूप में कुल छह प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। चुनाव अधिकारी हिमांशु तिवारी, राजकमल चतुर्वेदी, मनीष जैन, आशीष श्रीवास्तव, नितिन गुप्ता, सुधाकर मणि पटेल, एटी फरीदी, राकेश तिवारी, वंदना श्रोति ने बताया कि इस बार सचिव पद के लिए अधिवक्ता योगेश सोनी, असीम त्रिवेदी, रवींद्र गुप्ता, ओमशंकर विनय पांडे, शशांक उपाध्याय, अशोक मिश्रा, राजीव नयन मिश्रा के रूप में कुल सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए सत्येंद्र ज्योतिषी व सुशील मिश्रा सहित 16, महिला उपाध्यक्ष के लिए सुषमा पांडे सहित चार, कोषाध्यक्ष के लिए चार, सह सचिव के लिए छह व पुस्तकालय सचिव के लिए आठ प्रत्याशी मैदान में आए हैं। कार्यकारिणी सदस्य के लिए 19 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं। मतदान 17 अगस्त को होगा।
