
शाजापुर। शाजापुर जिले की भाजपा की राजनीति में अचानक सुनामी आ गई. युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्याम टेलर सीधे प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष मनोनीत किए गए. उनके इस मनोनयन पर नगर और जिला भाजपा और युवा कार्यकर्ताओं ने उनके प्रथम नगर आगमन पर जबरदस्त स्वागत किया. जगह-जगह नगर भाजपा के पदाधिकारी और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्वागत मंच तैयार किए.
भोपाल से कालापीपल, शुजालपुर, अकोदिया और रास्ते में जितने भी गांव-कस्बे आए, वहां प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष श्याम टेलर का स्वागत किया गया. प्रथम आगमन पर श्याम टेलर के स्वागत के लिए पूरी रूपरेखा और कार्ययोजना विधायक अरुण भीमावद, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे सहित भाजपा के मंडल पदाधिकारियों ने तय की. शहर को फ्लैक्स से पाट दिया गया. यह पहला अवसर है जब शाजापुर शहर से कोई प्रदेश युवा मोर्चा का अध्यक्ष मनोनीत हुआ है. विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति करने वाले श्याम टेलर जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहते हुए राजनीति में ऐसी छलांग लगाई कि वे प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष बन गए. इस अवसर पर विधायक अरुण भीमावद, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे, नगर अध्यक्ष आशीष नागर, नगर महामंत्री गोविंद नायक, विकास सिंदल, जिला मंत्री उमेश टेलर, मनोहर विश्वकर्मा, शीतल भावसार, किरण ठाकुर, महेश भावसार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, पार्षदगण और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे. नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष उमंग शर्मा, आकाश शर्मा, दीपक राठौर और शहर के तमाम युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपने नेता के आगमन को लेकर जबरदस्त तैयारियों में लगे हुए थे.
भाजपा ने किया श्याम का वेलकम…
युवा नेता के रूप में श्याम टेलर के शाजापुर प्रथम आगमन पर जिला और नगर भाजपा ने युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर के स्वागत के लिए कार्ययोजना बनाई. जिसमें जिला मंत्री उमेश टेलर और भाजपा जिला व नगर के पदाधिकारियों ने जगह-जगह स्वागत मंच लगाए. शहर में लगभग 4 दर्जन से अधिक विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठन के पदाधिकारियों ने श्याम टेलर का ऐतिहासिक स्वागत किया.
संगठन के प्रति आस्था जताई…
नवनियुक्त प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर नगर भ्रमण के बाद जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे. उन्होंने सभी शीर्ष नेतृत्व और जिले के भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि पांडे ने कहा कि बड़े गर्व की बात है कि शाजापुर से ऊर्जावान युवा चेहरे को संगठन ने प्रदेश का दायित्व दिया. विधायक अरुण भीमावद ने कहा कि श्याम टेलर ने विद्यार्थी परिषद से लेकर जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष के रूप में युवाओं को भाजपा से जोड़ा और भाजपा को मजबूत करने की दिशा में हर समय खड़े रहे. उन्होंने कहा कि आज बड़े सौभाग्य का दिन है कि हमारे बीच से एक युवा प्रदेश में शाजापुर का नाम रोशन कर रहा है. इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो दायित्व मुझे सौंपा गया है. उस दायित्व को मैं ईमानदारी के साथ निभाऊंगा और प्रदेश में युवाओं को राष्ट्र हित, राष्ट्रीय विचारधारा और पार्टी कीविचारधारा से जोडऩे का प्रयास करूंगा. देश-प्रदेश का युवा मजबूत होगा, तो भाजपा मजबूत होगी. भाजपा मजबूत होगी, तो देश मजबूत होगा.
