खिलचीपुर: खिलचीपुर में प्रारंभ से ही यूरिया खाद की काफी किल्लत होना सामने आया है. शुक्रवार और शनिवार को खाद के लिए लगी भारी भीड़ एवं अव्यवस्थाओं के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा मोर्चा संभालते हुए कल से ही व्यवस्था संभाली. टोकन व्यवस्था के साथ दो वितरण के लिए दो काउंटर एवं बेरिकेडिंग की व्यवस्था कर व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया.गौरतलब है कि खिलचीपुर में सहकारी विपणन समिति कार्यालय के बाहर शुक्रवार को भारी भीड़ रही. इससे निपटने के लिए प्रशासन ने अगले दिन से मोर्चा संभाला. आज भी सुबह से ही खाद लेने वालों की लम्बी कतार लग गई.
बेरिकेडिंग कर व्यवस्था बनाई
खाद लेने आये किसानों को टोकन व्यवस्था की गई. पुलिस प्रशासन द्वारा खाद लेने वाली भीड़ को नियंत्रित एवं व्यवस्थित करने बेरिकेट्स द्वारा बेरिकेडिंग की गई. किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो इसको देखते हुए दो जगह काउंटर चलाए गये ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रहे. सुबह होते ही बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंचे, व्यवस्था बनाए रखने प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा.
विदित है कि शुक्रवार को खिलचीपुर में खाद लेने वालों की भारी संख्या रही थी. दूर तक लम्बी लाइन लगी. इस दौरान काफी अव्यवस्था भी देखी गई. खाद के लिए काफी जद्दोजेहद करना पड़ी. कई लोगों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा. सुबह से ही आधार कार्ड और जमीन की पट्टी की फोटो कॉपियां जमीन पर रखकर अपनी बारी का नम्बर लगाना शुरु कर दिया. स्थिति बिगड़े न इसको लेकर कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारीद्वय मौके पर पहुंचे. इसके बाद शनिवार को प्रशासन द्वारा खाद वितरण को व्यवस्थित करने चाक चौबंद व्यवस्था की गई.
तहसीलदार ने संभाला मोर्चा
तहसीलदार विनीत गोयल ने स्वयं माइक लेकर नंबरों का एनाउंस किया. एसडीएम अंकिता जैन वितरण प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए थी. भीड़ को देखते हुए खाद वितरण दो काउंटर से शुरू किया. इससे काफी कुछ राहत मिली.
खिलचीपुर में खाद की सर्वाधिक किल्लत
खिलचीपुर में यूरिया खाद की किल्लत का मामला प्रारंभ से ही रहा है. पूर्व में भी यहां विपणन सहकारी समिति के कार्यालय पर खाद लेने वालों की भारी भीड़ के साथ काफी अव्यवस्थाएं रही. सारे दिन लोगों को लाइन में लगना पड़ा. कई लोगों को तो दिन भर लम्बी लाइन में लगने के बाद भी खाद नहीं मिल सकी. किल्लत के बीच खाद की कालाबाजारी का भी सामना करना पड़ा. निर्धारित भाव से कहीं अधिक दाम पर लोगों को यूरिया खाद लेना पड़ा. कृषि विभाग की टीम द्वारा टोकन सिस्टम लागू किया गया. क्रमवार टोकन सौंपे गए. भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए बेरिकेडिंग कराई गई. खिडक़ी के पास पुरुषों की लाइन और चैनल गेट की ओर महिलाओं की अलग लाइन बनाई गई.
सुबह 7 बजे से 9 बजे तक मिलेंगे टोकन
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा हेतु खिलचीपुर में 15 दिसम्बर से खाद वितरण हेतु नई व्यवस्था लागू की गई है.। खिलचीपुर बायपास गोदाम पर सुबह 7 से 9 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे. इसके बाद वहीं से किसान किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा. उपसंचालक कृषि सचिन जैन ने बताया कि जिले में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है. वर्तमान में जिले में 5 हजार टन यूरिया उपलब्ध है. सोमवार से खिलचीपुर में डबल लॉक विपणन संघ जीरापुर रोड आईटीआई के सामने भी खाद वितरित किया जाएगा. शनिवार को खिलचीपुर में खाद वितरण केंद्र पर एसडीएम श्रीमती अंकिता जैन, थाना प्रभारी श्री मुकाती सहित तहसीलदार एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे
