नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) भारतीय सैनिकों की एक टुकड़ी अमेरिकी सेना के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास ’युद्ध अभ्यास 2025’ के 21वें संस्करण में भाग लेने के लिए सोमवार को अलास्का के लिए रवाना हुई ।
सेना के अनुसार, 14 सितंबर तक चलने वाले अभ्यास में मद्रास रेजिमेंट की एक बटालियन की यह टुकड़ी अमेरिका की 11वीं एयरबोर्न डिवीजन की आर्कटिक वॉल्व्स ब्रिगेड कॉम्बैट टीम की पहली बटालियन और 5वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट “बॉबकैट्स” के सैनिकों के साथ रण कौशल के गुर साझा करेगी।
इस दौरान दोनों देशों के सैनिक हेलीकॉप्टर से संचालन, निगरानी संसाधनों और मानवरहित हवाई प्रणालियों का उपयोग, रॉक क्राफ्ट, पर्वतीय युद्ध, हताहतों की निकासी, युद्ध चिकित्सा सहायता और तोपखाने, विमानन एवं इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों के एकीकृत उपयोग सहित कई सामरिक अभ्यासों का अभ्यास करेंगे।
इसके अलावा दोनों सेनाओं के विषय-विशेषज्ञ सूचना युद्ध, संचार और रसद जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर कार्य समूहों का संचालन करेंगे।
यह अभ्यास संयुक्त रूप से नियोजित और क्रियान्वित सामरिक युद्धाभ्यासों के साथ संपन्न होगा जिसमें लाइव-फायर अभ्यास से लेकर उच्च-ऊंचाई वाले युद्ध परिदृश्य शामिल होंगे जिसका उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों की क्षमताओं में सुधार और बहु-क्षेत्रीय चुनौतियों के लिए तैयारियों को मजबूत करना होगा।
