
भोपाल।राजधानी के अरेरा कॉलोनी निवासी क्षितिज आदित्य शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा में बाजी मारी है. क्षितिज ने सिविल सेवा परीक्षा 2024 के फाइनल रिजल्ट में 58वीं रैंक हासिल की है. उनकी इस सफलता से उनके परिवार के लोग, दोस्त और शहर के लोग खुश हैं. क्षितिज की बहन ने इस मौके उनका तिलक करते हुए मुंह मीठा कराया. उनकी माता रानी शर्मा ने अपने बेटे की सफलता पर बधाई देने वालों का आत्मीयता से स्वागत किया.
नवभारत से बात करते हुए क्षितिज शर्मा ने बताया कि पढ़ाई के दौरान परिवार के लोगों का पूरा सहयोग उनके साथ बना रहा. उन्होंने लॉ से ग्रेजुएशन किया था और इसी विषय को सिविल सेवा परीक्षा में मुख्य विषय के रूप में उन्होंने रखा. क्षितिज ने कहा कि उन्होंने अपना लक्ष्य साधे रखते हुए गुणवत्ता के साथ पढ़ाई जारी रखी. जिसके चलते उन्हें सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन पढ़ाई के दौरान उन्होंने समय की कोई भी गिनती नहीं की, लेकिन 8 से 10 घंटे की पढ़ाई को लेकर समय देना उचित बताया. यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यार्थियों को लेकर क्षितिज शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि क्वांटिटी से ज्यादा क्वालिटी पर फोकस रखते हुए पढ़ाई करने से सफलता प्राप्त होती है.
भारतीय राजस्व सेवा में हुआ था चयन
भोपाल को गौरवांवित करने वाले क्षितिज आदित्य शर्मा का चयन इससे पहले भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के लिए हुआ था. सिविल सर्विस को लेकर उनके मन में लगातार विचार चल रहा था. जिसके बाद उन्होंने समय निकाल कर पूरी लगन से अपनी तैयारी जारी रखी और आखिरकार क्षितिज को कामयाबी मिली. मंगलवार को परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद उनकी इस सफलता पर परिजन गर्व कर रहे हैं. बता दें कि यूपीएससी 2024 के जारी परिणाम में देशभर के 1009 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. देशभर में शक्ति दुबे ने टॉप करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है. इस परीक्षा में मप्र के कई अन्य अभ्यार्थियों ने सफलता पाई है.
सीएम यादव ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने यूपीएससी का फाइल रिजल्ट आने के बाद चयनित अभ्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं दी है. सीएम यादव ने कहा कि हमारे युवाओं ने शासकीय सेवा के माध्यम से देश की सेवा करने का संकल्प लिया है. वर्तमान में अधिकारी वर्ग ने सेवा देते हुए बेहतर भूमिका का निर्वहन किया है, जिसके कारण भारत की एक विशेष पहचान बनी है. उन्होंने कहा कि आज युवाओं ने अच्छा अवसर पाया है, यह सभी देश सेवा के लिए बेहतर से बेहतर करें, मेरी ओर से बधाई और शुभकामनाएं.
