
जबलपुर। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी ने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वाह करते हुए नगर निगम के सहयोग व समन्वय से नगर के सबसे सुन्दर क्षेत्र ऐतिहासिक जलपरी में हरित पहल के अंतर्गत डस्टबिन (कूड़ादान) का व्यापक प्रबंधन किया है। जलपरी क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह व शाम हजारों की संख्या में मार्निंग व इवनिंग वॉक करने वाले तो आते ही हैं इनके साथ दिन भर यहां तफरीह करने वालों की बड़ी संख्या रहती है। जलपरी में घूमने आने वालों की सुविधा और स्वच्छता की दृष्टि से हरे व नीले रंग के डस्टबिन स्थापित किए गए हैं। इनका उपयोग सिर्फ राहगीरों तक सीमित रखा गया है। घर व दुकान से निकलने वाले कचरा इनमें न डालने की साफ हिदायत दी गई है। हरे रंग के डस्टबिन में गीला व नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कचरा डालने की व्यवस्था की गई है। शक्तिभवन से जलपरी क्षेत्र तक कुल आठ डस्टबिन के सेट स्थापित किए गए हैं।
एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी प्रबंधन ने जानकारी दी कि जलपरी क्षेत्र को सुन्दर व स्वच्छ बनाए रखने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गत वर्ष जलपरी में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा पर्यावरण संदेश देती ‘धरती पर मातृ वृक्ष (मदर ट्री ऑन अर्थ)’ स्क्रेप स्कल्पचर इंस्टॉलेशन आर्ट की स्थापना की गई है। 8 क्विंटल वजन और 17 फुट ऊंचाई की मदर ट्री ऑन अर्थ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। स्कल्पचर में सामने की ओर नीचे अथर्व वेद का सूत्र ‘माता भूमिः पुत्रो अहं पृथिव्याः’ अंकित है। इसका अर्थ है- धरती हमारी मां है, हम इसकी संतान हैं।
मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन व प्रशासन ने जलपरी क्षेत्र में आने वाले नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे संस्कारधानी की इस विरासत को साफ व स्वच्छ बनाए रखने में आना पूर्णत सहयोग दें।
