
रीवा। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सीएम राइज पीके स्कूल का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनके शैक्षणिक भविष्य और व्यक्तिगत रुचियों की जानकारी ली.
कलेक्टर ने छात्राओं से उनके पठन-पाठन और खेलकूद की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली. जब कलेक्टर ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा, तो क्लासरूम उत्साह से भर उठा. छात्राओं ने पूरी निडरता के साथ अपनी महत्वाकांक्षाएं साझा करते हुए बताया कि वे पढ़-लिखकर डॉक्टर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं. कलेक्टर ने छात्राओं के इन सपनों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया.संवाद के दौरान कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया. उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की छात्राओं के लिए यह टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह भविष्य में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर को रोकने में एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है. कलेक्टर ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं टीका लगवाएं, बल्कि समाज में अन्य किशोरियों को भी इसके प्रति जागरूक करें. इस वैक्सीनेशन को लेकर किसी भी प्रकार के डर या अफवाहों में आने की आवश्यकता नहीं है.
