गाजीपुर, 09 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारा गांव के पास गुरुवार दोपहर महाराष्ट्र के तीर्थ यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में महाराष्ट्र निवासी दो महिला यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि बस में करीब 48 यात्री सवार थे, जो वाराणसी दर्शन के लिए जा रहे थे। नैसारा के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया तथा चिकित्सकों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मृतकों की पहचान सरस्वती पत्नी समाधान पात्रे (70), निवासी बुलढाणा, महाराष्ट्र और अन्नपूर्णा पत्नी नंदकिशोर (50), निवासी अकोला, महाराष्ट्र के तौर पर की गयी है जबकि गंभीर रुप से घायल सिद्धेश्वर वडुआप्पा कुल्ली (63), निवासी बुलढाणा, महाराष्ट्र नंदा देवी (54), निवासी बुलढाणा, महाराष्ट्र की हालत चिंताजनक बनी हुयी है।
उन्होने बताया कि अन्य 38 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
