बीएड थर्ड पेपर की परीक्षा हुई, कुलगुरु ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आज हुई। पहले दिन सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
इसी क्रम में कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने आज विश्वविद्यालय के पर्यटन संस्थान में बनाए गए बी.एड. तृतीय सेमेस्टर के एक मात्र पेपर की परीक्षा केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र, उत्तरपुस्तिकाओं का वितरण, बैठने की व्यवस्था एवं नकल रोकने के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा।
कुलगुरु ने परीक्षा केन्द्र पर तैनात केन्द्राध्यक्ष एवं वीक्षकों से भी चर्चा की और परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं नियमों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा एवं जॉइंट प्रॉक्टर डॉ. स्वर्णा परमार भी कुलगुरु के साथ निरीक्षण में उपस्थित रहीं। उन्होंने भी परीक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। विद्यार्थी भी अनुशासन के साथ परीक्षा देते नजर आए। कुलगुरु ने परीक्षा में बैठे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।
उल्लेखनीय है कि जीवाजी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा इस बार परीक्षा केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी केन्द्रों पर उड़नदस्तों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से हो सके।

.....

Next Post

मशरूम उत्पादन से आय एवं पोषण विषय पर तीन दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण आयोजित

Sat Nov 21 , 2026
ग्वालियर। कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर द्वारा मशरूम उत्पादन से आय एवं पोषण विषय पर तीन दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता कर मशरूम उत्पादनए प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित तकनीकी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालियर के वरिष्ठ […]

You May Like

मनोरंजन