जयपुर, 20 जून (वार्ता) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा सहित कई नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी है।
श्री बागडे ने श्रीमती मुर्मू के स्वस्थ और सुदीर्घ जीवन की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए सतत ऊर्जावान रहते उनका समर्पित जीवन प्रेरित करने वाला है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध उनका नेतृत्व राष्ट्र को गौरवान्वित करने वाला है।
इसी तरह श्री शर्मा ने श्रीमती मुर्मू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनके सदैव स्वस्थ रहने एवं दीर्घायु होने और उनका मार्गदर्शन सर्वदा मिलते रहने की प्रार्थना की ।
श्री देवनानी ने कहा कि श्रीमती मुर्मू का सहज, सरल स्वभाव, सेवा का अटूट संकल्प और लोक-कल्याण के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।
इसी तरह श्रीमती दिया कुमारी, डा बैरवा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई नेताओं ने श्रीमती मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
