
छतरपुर। छतरपुर जिले में मंगलवार सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, सुबह हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले दो महीनों से जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। कई स्थानों पर जनहानि भी हुई है, और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। खासकर मूंगफली और सोयाबीन की फसलें 50% तक प्रभावित हुई हैं। हालांकि खेतों में हरियाली नजर आ रही है और फसलों में फूल व फल भी आना शुरू हो गया है।
जटाशंकर धाम में उमड़े श्रद्धालु
लगातार बारिश के चलते जटाशंकर धाम के झरनों में पानी का बहाव बढ़ गया है। बीते दिन सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
बारिश का आंकड़ा
पिछले 24 घंटे में जिले में कुल 1.6 इंच बारिश दर्ज की गई।
छतरपुर – 0.2 इंच
लवकुशनगर – 0.5 इंच
बिजावर – 0.09 इंच
नौगांव – 0.12 इंच
राजनगर – 0.14 इंच
गौरिहार – 0.58 इंच
नदी-नाले उफान पर, बांध लबालब
जिले के प्रमुख नदी-नाले उफान पर हैं और कई बांध अपनी पूरी क्षमता तक भर चुके हैं। जिले में मानसून का कोटा पूरा हो चुका है, इसके बावजूद मौसम विभाग ने आगामी सात दिनों तक इसी तरह के मौसम की चेतावनी जारी की है।
