
सीधी । सीएम हेल्पलाइन के अगस्त माह के प्रदर्शन की जारी ग्रेडिंग में सीधी जिले ने 84.14 अंक प्राप्त कर ए ग्रेड हासिल किया है। जिले को प्रदेश स्तर पर 11वां स्थान प्राप्त हुआ है। विभागवार प्रदर्शन में जिला पंचायत सीधी ने 88.46 अंक प्राप्त कर ए ग्रेड के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार पुलिस विभाग ने 86.19 अंक प्राप्त कर ए ग्रेड के साथ प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। कलेक्टर विकास मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन में जिले के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिले की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
