
छिंदवाड़ा।अमरवाड़ा। पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार से 63 लीटर अवैध शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब्त शराब एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में एसडीओपी अमरवाड़ा के नेतृत्व में थाना अमरवाड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 15-16 जुलाई की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हिवरासानी की ओर से एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध शराब अमरवाड़ा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर जेल रोड स्थित हिवरासानी के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार (क्रमांक एमएच31ईए9429) को रोककर तलाशी ली गई।
पुलिस को देखकर कार में सवार एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम राजकुमार बेंदेवार (32 वर्ष), निवासी बाबूटोला, थाना अमरवाड़ा बताया। वही फरार आरोपी की पहचान अपने भाई गोलू उर्फ अखिलेश बेंदेवार के रूप में की।
कार की डिग्गी की तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक की बोरियों में कुल 350 पाव (63 लीटर) अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब एवं देसी लाल मसाला शराब शामिल है। शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने पूरी शराब और स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया।
आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे सहित उपनिरीक्षक अशोक यादव एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
