बरही अग्निकांड: खामियों की पड़ताल शुरू

कटनी। बरही में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू हो गई है। हादसे के कारणों का पता लगाने और अग्निशमन व्यवस्था में संभावित खामियों की पड़ताल के लिए प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को जांच दल ने बरही नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी जुटाई।

वहीं, प्रशासन ने घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, संस्थाओं और आम नागरिकों से 20 नवंबर तक साक्ष्य, दस्तावेज एवं महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। विदित रहे कि कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है। जांच दल के अध्यक्ष के निर्देश पर एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय में उपलब्ध अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। मौके पर एसडीएम विजयराघवगढ़ विवेक गुप्ता भी उपस्थित रहे।

फायर ब्रिगेड से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक होगी जांच

मजिस्ट्रियल जांच में बरही नगर परिषद में उपलब्ध फायर ब्रिगेड की स्थिति, उसकी कार्यप्रणाली, रखरखाव और आपातकालीन परिस्थितियों में संचालन की व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसके साथ ही नगर में अग्नि सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों तथा शासन द्वारा जारी अग्निशमन एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है। जांच दल ने नगर परिषद में उपलब्ध संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन शुरू कर दिया है। अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों को जब्त करने की कार्रवाई भी प्रारंभ की गई है। जांच का उद्देश्य हादसे से जुड़े प्रत्येक पहलू की पड़ताल कर तथ्य एवं साक्ष्य जुटाना है, ताकि आग लगने के कारणों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया जा सके।

Next Post

युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फांसी का फंदा टूटने से नीचे गिरा शव

Wed Nov 11 , 2026
सीधी। शहर के जमोड़ी थानांतर्गत बैरिहा पूर्व गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कृष्णा रावत पिता राममिलन कोल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक द्वारा फांसी लगाए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है […]

You May Like