
भोपाल। बोधिसत्व डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को बोर्ड ऑफिस चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर मध्यप्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच एवं दी बुद्धभूमि धम्मदूत संघ द्वारा श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के गुरुओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में बुद्ध वंदना और सर्वधर्म वंदना का आयोजन किया गया। इस दौरान संविधान की रक्षा, सामाजिक समरसता, धार्मिक सहिष्णुता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भंते शाक्यपुत्र सागर थेरो, डॉ. मनोज जैन, हाजी मोहम्मद इमरान हारून, ज्ञानी दिलीप सिंह, एडवोकेट कलीम हारून और राफे अली सहित अन्य उपस्थितजनों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। आयोजन में मंगल मैत्री के भाव के साथ सभी समुदायों की सहभागिता रही।
