तीन दिवसीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल का हुआ भव्य शुभारम्भ

छिंदवाड़ा। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल सह रोड शो 2026 का गुरुवार को दशहरा मैदान में भव्य शुभारम्भ हुआ। शासन के निर्देशानुसार श्री अन्न (मिलेट्स) फसलों जैसे कोदो, कुटकी, सवां, ज्वार, बाजरा एवं रागी के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देने तथा कृषकों, युवाओं, उद्यमियों, एफपीओ और उपभोक्ताओं को जोडऩे के उद्देश्य से इस जिला स्तरीय तीन दिवसीय कृषि मेला एवं मिलेट्स फूड फेस्टिवल का आयोजन पोला ग्राउंड में 26 से 28 फरवरी 2026 तक प्रात: 11 से रात्रि 9 बजे तक किया जा रहा है। मेले की औपचारिक शुरूआत कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, नगर निगम महापौर विक्रम अहके, शेषराव यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार और मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड भोपाल श्रीमती सी.सरस्वती द्वारा रिबन काटकर की गई। पूजा अर्चन के साथ कार्यक्रम की पारंपरिक शुरूआत की गई। जिसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेषराव यादव ने सभी से अपने दैनिक जीवन में मिलेट व्यंजनों को शामिल कर स्वस्थ्य रहने की अपील की। महापौर विक्रम अहके ने जिले में आयोजित मिलेट फेस्टिवल की सराहना करते हुए जिले के सभी किसानों से इस मेले और कृषकों के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा समस्त जिलावासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित मेले में सम्मिलित होकर मिलेट्स व्यंजनों का आनंद लें और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त करें।

Next Post

गंदगी मिलने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित

Thu Feb 26 , 2026
छिंदवाड़ा। मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण जिला में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विगत एक सप्ताह से लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस बुधवार को खाद्य सुरक्षा […]

You May Like