गंदगी मिलने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित

छिंदवाड़ा। मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत होली त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से संपूर्ण जिला में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विगत एक सप्ताह से लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोपेश मिश्रा द्वारा मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित गोपालजी रेस्टोरेंट, नोमान रेस्टोरेंट एवं गरबा स्वीट्स आदि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोपालजी रेस्टोरेंट के किचन में भोजन निर्माण स्थल पर अत्यधिक गंदगी पाई गई। खाद्य पदार्थों के भंडारण के लिये रखी गई आलमारी में भारी मात्रा में गुच्छों के रूप में कॉकरोच पाए गए तथा भुनगे कीड़े घूमते मिले। साथ ही मकड़ी के जालों के बीच खाद्य सामग्री रखी हुई पाई गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से होटल में खाद्य सामग्री के निर्माण एवं विक्रय पर रोक लगा दी गई तथा होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल निलंबित कर दिया गया। अब इस होटल में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय तभी प्रारंभ किया जा सकेगा, जब समुचित साफ-सफाई कर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। सुधार उपरांत ही लाइसेंस पुन: बहाल किया जाएगा। वर्तमान में होटल ग्राहकों के लिए पूर्णत: बंद है। इसी रेस्टोरेंट से पनीर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, तुअर दाल, चावल एवं आटा के नमूने जांच के लिये लिए गए। एक अन्य टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार घाघरे द्वारा अमरवाड़ा के सिंगोड़ी क्षेत्र में अपना होटल, चंद्रवंशी होटल एवं जैन किराना का निरीक्षण कर नमकीन और खोवा के नमूने लिए गए। उपरोक्त सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने अमानक स्तर के पाए जाते हैं तो संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

युवाओं के प्रदर्शन को साजिश बताना साबित करता है कि सरकार में बैठे लोग खो चुके हैं संतुलन : कांग्रेस

Thu Feb 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि सरकार युवाओं के विरोध को कुचलने का काम कर लोकतंत्र की हत्या कर रही है और उसे समझ नहीं आ रहा है कि विरोध के स्वरों को दबाने के चक्कर में युवाओं के मुद्दे और मुखर हो रहे हैं। कांग्रेस […]

You May Like