
विशेष संवाददाता राघौगढ़/गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा गुरुवार को उनके गृह नगर राघौगढ़ पहुंची। यहां यात्रा का स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। राघौगढ़ विधायक एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने स्वागत की अगुवाई की। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया।
यात्रा ने गुरुवार को बरखेड़ा से प्रस्थान कर सागर, पीपलघट्टा जोड़, फेकरा, मोटीपुरा जोड़, बसंतपुरा जोड़, सावतखेड़ी और संजय सागर डैम जोड़ होते हुए रामनगर तक का सफर तय किया। भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा नौहर जोड़ और कड़िया जोड़ होते हुए पाटई आश्रम पहुंची। यहां श्री हनुमान मंदिर में आरती के साथ दिन का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
दीपावली पर्व को देखते हुए यात्रा में पांच दिन का विराम घोषित किया गया है। अब यात्रा 11 नवंबर को पाटई आश्रम से पुनः प्रारंभ होकर अयोध्या की ओर रवाना होगी। इस दौरान यात्री अपने परिवारों के साथ दीपावली मनाने घर जा सकेंगे। हालांकि, आश्रम में रुकने वाले यात्रियों के लिए भोजन, आवास और अन्य व्यवस्थाएं जारी रहेंगी।
करीब एक हजार किलोमीटर लंबी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य मंदिरों में चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं तथा चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे उठाना है। दिग्विजय सिंह ने इन्हें ‘चंदा चोरी’ और ‘वोट चोरी’ का नाम दिया है। उन्होंने धार्मिक संस्थानों में दान की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यात्रा सत्य, सनातन मूल्यों और स्वाभिमान का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।
