ब्यावरा। रंगपंचमी के अवसर पर नगर में 8 मार्च को हिंदू उत्सव समिति द्वारा पारंपरिक गेर निकाली जाएगी.
इसको लेकर शनिवार रात्रि को स्थानीय खाटू श्याम मंदिर परिसर में समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया. बैठक में होली, धुलेंडी और रंगपंचमी पर्व के आयोजन पर विस्तार से चर्चा हुई.
समिति ने निर्णय लिया है कि यह गेर 8 मार्च को सुबह 9 बजे मातामंड मोहल्ले स्थित शीतला माता मंदिर से पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगी. जो सुठालिया रोड, मेन मार्केट, सुभाष चौक, जगात चौक, एसडीएम निवास, पुराना ए.बी.रोड, पीपल चौराहा से होते हुए चिंताहरण हनुमान मंदिर पहुंचेगी जहां महाआरती का भव्य आयोजन होगा. इसके बाद गेर का समापन होगा. बैठक में आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई.
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष प्रिंस छाबड़ा के अनुसार बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये है. जिनमें होलिका दहन 2 मार्च को किया जाएगा, जबकि धुलेंडी पर्व 4 मार्च को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. 3 मार्च को ग्रहण होने के कारण उस दिन धुलेंडी नहीं मनाई जाएगी.
संयोजक, सह संयोजक बनाए गये
8 मार्च को निकलने वाली गेर के संयोजक गिरिराज शर्मा होंगे, जबकि रामेश्वर सोनी और सुनील जाटव सह-संयोजक की जिम्मेदारी निभाएंगे. बैठक में हिंदू उत्सव समिति के संरक्षक डॉ. अशोक अग्रवाल, संघ पदाधिकारी संजय सक्सेना, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिलवर यादव, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मुकेश सेन सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
