मैहर: चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में माई शारदा के दर्शन कर घर लौट रहे बिहार निवासी दंपति के साथ बड़ी दुर्घटना होते बची. ट्रेन से पति को गिरता देख पत्नी ने भी छलांग लगा दी जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जब की पति को मामूली चोटें आईं हैं.मैहर रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. मां शारदा देवी के दर्शन कर लौट रहे एक दंपति ने चलती ट्रेन में चढ़ने प्रयास किया उसी दौरान पति का पैर ट्रेन के पायदान से फ़िसल गया पति को ट्रेन से नीचे गिरता देख पत्नी ने भी घबराकर नीचे छलांग लगा दी.
दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जबकि उसके पति को हल्की चोटें आई हैं. मिली जानकारी के अनुसार बिहार के नवादा जिले के सगवेंज गांव के निवासी रामाधार शाह और उनकी पत्नी आशा देवी शाह मैहर में मां शारदा के दर्शन करने आए थे. दर्शन के बाद दोनों वापस लौटने के लिए मैहर स्टेशन पहुंचे. शाम करीब 6 बजे मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12322) स्टेशन से रवाना हो रही थी. आशा देवी ट्रेन की आगे वाली बोगी में चढ़ गई थीं, जबकि उनके पति रामाधार पीछे की बोगी से चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी बीच ट्रेन ने गति पकड़ ली और रामाधार चलती ट्रेन में झूलते हुए नीचे गिर पड़े. पति को गिरता देख चलती ट्रेन से आशा देवी भी तुरंत पटरी पर कूद गईं.
अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर तैनात जीआरपी (जीआरपी ) और आरपीएफ (आरपीएफ ) के जवानों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए दोनों को रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला. दोनों घायलों को तुरंत मैहर के सिविल अस्पताल पहुँचाया गया, रामाधार को मामूली चोटें आईं थी डॉक्टर ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया वहीं गंभीर रूप से घायल आशा देवी का इलाज जारी है
