
शहडोल। जिले के केशवाही वन परिक्षेत्र के जंगल में सोमवार सुबह एक जंगली हाथी के पहुंचने से वन विभाग सतर्क हो गया। हाथी अपने झुंड से बिछड़कर छत्तीसगढ़ के रास्ते शहडोल जिले की सीमा में पहुंचा है।
केशवाही रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि हाथी सोमवार सुबह करीब चार बजे शहडोल जिले की सीमा में दाखिल हुआ। यह हाथी अकेला है और छत्तीसगढ़ की ओर से तेंदूटोला होते हुए केशवाही के जंगल में पहुंचा है। विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में रहते हुए हाथी ने कुछ घरों में तोड़फोड़ भी की है। फिलहाल हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है और उसके मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी शुरू करा दी है। ग्रामीणों को हाथी की लोकेशन की जानकारी देते हुए जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हाथी के आबादी क्षेत्र में आने की स्थिति में लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
