
भोपाल। बदमाश राजू ईरानी को जिला कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में शनिवार को भेज दिया. निशातपुरा थाना पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया. राजू ईरानी के मामले में पुलिस को 6 दिन की रिमांड दी गई थी.
पुलिस रिमांड़ के दौरान बदमाश राजू अपने खराब स्वास्थ्य का भी लगातार हवाला देता रहा. इसके चलते पुलिस उससे बहुत खास जानकारी भी नहीं जुटा सकी. बदमाश को चार मामलों में निशातपुरा थाना पुलिस ने आरोपी बनाया था. उसे सूरत से लेकर पुलिस 11 जनवरी को भोपाल पहुंची थी.
बता दें कि राजू ईरानी साल 2017 से फरार चल रहा था. उसे 7 राज्यों की पुलिस तलाश कर रही थी. गुजरात में उसकी लोकेशन मिलने पर सूरत पुलिस ने गिरफ्तार किया. राजू ईरानी का नाम लूट, धमकी सहित अन्य आपराधिक साजिशों से जुड़ा है. उसके गैंग का नेटवर्क मप्र के साथ ही देश के अन्य राज्यों गुजरात, यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली सहित राज्यों में फैला है. राजू की गिरफ्तारी को लेकर भोपाल पुलिस लगातार कोशिश में जुटी थी, जिसे गुजरात पुलिस ने दबोचा और भोपाल पुलिस के हवाले किया.
