सीहोर के अस्पतालों के सुधरेंगे दिन: 25 नए डॉक्टरों की हुई नियुक्ति, बुदनी-रेहटी और नसरुल्लागंज को सबसे ज्यादा लाभ

सीहोर। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 25 नए चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना कर दी है. लंबे समय बाद एक साथ इतनी बड़ी संख्या में डॉक्टरों की नियुक्ति होने से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है. सभी चिकित्सकों को 18 जून तक अपने-अपने पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा.

सालों से जिले के अधिकांश अस्पताल चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे हैं. नतीजतन मरीजों को बड़े शहरों के निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर होना पड़ता है. ऐसे में चिकित्सकों की नियुक्ति फौरी तौर पर राहत का काम करेगी. स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत सीहोर जिले में 25 नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. विभाग की अपर सचिव सीमा डेहरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी चिकित्सक द्वितीय श्रेणी राजपत्रित अधिकारी के रूप में सेवाएं देंगे.

नई नियुक्तियों में 13 डॉक्टरों को प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ किया गया है, जबकि अन्य चिकित्सकों को सिविल अस्पतालों और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में जिम्मेदारी सौंपी गई है. जिले के बुदनी, रेहटी और नसरुल्लागंज क्षेत्रों को सबसे अधिक लाभ मिला है. इन तीनों सिविल अस्पतालों में तीन-तीन डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है.

सीएमएचओ डॉ. सुधीर डेहरिया ने बताया कि सभी चयनित चिकित्सकों को 18 जून तक पदभार ग्रहण करना होगा. नई नियुक्तियों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा बड़े शहरों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा.

अभी भी अस्पतालों में चिकित्सकों का अभाव

हालांकि नई नियुक्तियों के बावजूद जिले में चिकित्सकों की कमी पूरी तरह दूर नहीं हुई है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार क्लास-1 और क्लास-2 चिकित्सकों के 90 स्वीकृत पदों में से 11 पद अभी भी रिक्त हैं. वहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों के 80 स्वीकृत पदों में से 42 पद खाली पड़े हैं. इसके बावजूद 25 नए डॉक्टरों की नियुक्ति को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

इन स्वास्थ्य केन्द्रों में हुईं नवीन नियुक्तियां

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरनाल, वीरपुर डेम, भाऊखेड़ी, बायां, मेहतवाड़ा, खाचरोद, गोपालपुर, निनोर, इटावा इटारसी, बाबोरी, मरदानपुर, मुस्करा और जैत में नए चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना की गई है. इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्दीकगंज, नसरुल्लागंज और शाहगंज को भी नए डॉक्टर मिले हैं.

 

Next Post

जनकल्याण शिविर जनता तक पहुंचने का सबसे सशक्त माध्यम: भूपेन्द्र सिंह

Sat Jun 13 , 2026
खुरई/मालथौन। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत खुरई व मालथौन में तीन दिवसीय अनुविभाग स्तरीय जनकल्याण शिविरों का शुभारंभ पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह और जिला कलेक्टर सागर श्रीमती प्रतिभा पाल […]

You May Like