
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र की बंधौरा चौकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एमपीईबी के हाईटेंशन लाइन के लिए लगाए गए लोहे के पोलों को काटकर ले जाने की डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की साजिश नाकाम हो गई।
पुलिस के अनुसार 12 जून को चौकी प्रभारी बंधौरा उपनिरीक्षक बीएल बंसल को मुखबिर से सूचना मिली कि बंधौरा क्षेत्र में पहाड़ी किनारे, जहां हाल ही में एमपीईबी द्वारा बड़ी विद्युत लाइन के लिए लोहे के पोल लगाए गए हैं, वहां कुछ लोग पिकअप वाहन के साथ एकत्र होकर वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना में बताया गया कि आरोपियों के पास गैस कटर और सिलेंडर मौजूद हैं तथा वे सुरक्षा में तैनात गार्ड को डराने-धमकाने और मारपीट कर पोल काटकर ले जाने की चर्चा कर रहे हैं। चौकी प्रभारी ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए माड़ा थाना प्रभारी टीआई शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके के लिए रवाना होकर दो अलग-अलग दल बनाकर घेराबंदी की। पुलिस ने रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस को देखकर आरोपी पिकअप वाहन में बैठकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
चोर गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम सोनी पिता बृजमोहन सोनी उम्र 27 वर्ष निवासी गनियारी, सत्यम साकेत पिता रमेश साकेत उम्र 19 वर्ष निवासी टांकीज रोड बैढ़न, राहुल साकेत पिता मोतीलाल साकेत उम्र 20 वर्ष निवासी नगवां प्लाट नंबर 1 तथा दो विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 जी 2911, एक कमर्शियल गैस सिलेंडर, गैस कटर पाइप और पेट्रोमैक्स सिलेंडर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 310(4) एवं 310(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है, जबकि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
००००००
