
सिंगरौली । मोरवा थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का खुलासा करने में सीसीटीव्ही फुटेज अहम साक्ष्य के रूप में सामने आया है। पीड़ि़त नितेश तिवारी ने घटना के बाद स्वयं प्रयास कर मीना बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज प्राप्त की और उसे मोरवा पुलिस को सौंप दिया। फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नितेश तिवारी निवासी ग्राम कोरसर कोठार तहसील चितरंगी जो वर्तमान में मोरवा बाजार क्षेत्र में किराये के मकान में निवास करते हैं, 12 जून की शाम अपने भाई के साथ पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 53 एमके 4566 से मोरवा बाजार पहुंचे थे। दोनों ने पुरानी सब्जी मंडी के समीप मोटरसाइकिल खड़ी कर खरीदारी के लिए चले गए। लगभग आधे घंटे बाद लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका। घटना के बाद पीड़ि़त ने आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की जानकारी जुटाई और मीना बाजार की फुटेज निकलवाई। फुटेज में दो संदिग्ध युवक पहले मोटरसाइकिल के आसपास घूमते नजर आते हैं और बाद में वाहन लेकर जाते दिखाई देते हैं। पीड़ि़त ने उक्त फुटेज मोरवा थाने में प्रस्तुत कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं वाहन बरामदगी की मांग की है। मोरवा पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
