
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत ने मझौली विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीताल एवं सांदिपनी विद्यालय मझौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध स्टाफ, शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता, खेल-कूद गतिविधियों एवं मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई से जुड़ी जानकारी ली। सांदिपनी विद्यालय में विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर चर्चा की। साथ ही विद्यालय के हैंडओवर रजिस्टर की जांच कर निर्माण एजेंसी से चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
जीविका आश्रम का किया निरीक्षण
कलेक्टर और सीईओ ने मझौली के पास स्थित जीविका आश्रम का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने सहयोग की अर्थव्यवस्था से संचालित इस जीविका आश्रम के विभिन्न गतिविधियों को देखा। यहां विशेष रूप से गांव की टेक्नॉलॉजी को मूल रूप में ही पुनर्जीवित कर मौजूदा ग्रामीण समस्याओं को दूर करने की गतिविधियों के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही आश्रम में विज्ञान, पर्यावरण, कला और सामाजिकता की व्यवस्था तंत्र के संबंध में चर्चा की गई।
