
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कृषि कल्याण वर्ष में प्रदेश के किसानों के लिए एक लाख करोड़ से अधिक राशि का प्रावधान किसान हितैषी योजनाओं के लिये किया गया है। यह प्रदेश सरकार का किसानों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी कल्याण के साथ हम प्रदेश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन में लंबे समय से अग्रणी है। अब किसानों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने का संकल्प लिया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना से प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को कृषि कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में ग्वालियर जिले में स्थित भगवान जगन्नाथ की पुण्य भूमि ग्राम कुलैथ में आयोजित हुए विशाल किसान सम्मेलन में हजारों की संख्या में मौजूद किसान भाईयों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 87 करोड़ 21 लाख रुपए से अधिक लागत के 41 विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। साथ ही कुलैथ क्षेत्र के विकास के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा भी की। साथ ही किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देने के लिये लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
किसानों की पट्टों वाली जमीन की अपने खर्चे पर सरकार करायेगी रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की जमीन के पट्टों की रजिस्ट्री का पूरा खर्च सरकार उठाएगी, इसके लिए बजट में पर्याप्ट धनराशि का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों को बैंकों के माध्यम से योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा किसानों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा हर संभव कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के किसानों को सोलर पंप वितरित कर उन्हें बिजली और सिंचाई के मामले में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बुंदेलखंड की केन-बेतवा लिंक परियोजना का लाभ चंबल क्षेत्र के किसानों को भी मिलने वाला है। चंबल नदी के माध्यम से सिंचाई की सुविधा मिलने से यहां खेतों में फसलें लहलहाएंगी।
कन्हैया लोकगीतों व बैलगाड़ी दौड़ का भी लिया आनंद और पुष्पवर्षा कर किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करने से जीवन की अनेक कठिनाइयां खत्म हो जाती हैं। बाबा महाकाल ने सभी के जीवन का समय निश्चित किया है, इसलिए समाज कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीण पारंपरिक लोक गायकों द्वारा प्रस्तुत कन्हैया लोकगीतों का आनंद भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लिया। उन्होंने मनमोहक कन्हैया लोक गीत प्रस्तुत करने वाले लोक गायकों के ऊपर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन व उत्साहवर्धन किया। लोक गायन में भाग लेने वाली सभी 18 टीमों को 5 – 5 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान सम्मेलन स्थल के समीप स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ भी देखी। उन्होंने बैलगाड़ी दौड़ में शामिल हुईं 28 बैलगाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही बैलगाड़ी दौड़ में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार के लिए क्रमश: 21 व 11 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।
रोड शो के दौरान पुष्प वर्षा कर अभिनंदन
कुलैथ आगमन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब हैलीपेड से रथ पर सवार होकर रोड शो करते हुए आगे बढ़े तो मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद जनसमुदाय द्वारा उनका पुष्प वर्षा कर भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
कुलैथ क्षेत्र के लिये बड़ी-बड़ी सौगातों की घोषणा
भगवान जगन्नाथ की पुण्य भूमि कुलैथ में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में शामिल होने आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुलैथ क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी-बड़ी सौगातें देने की घोषणा की। इनमें डंडे वाले बाबा मंदिर तक एक किलोमीटर लक्की सड़क व ट्रांसफार्मर, भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन के लिये आने वाले श्रृद्धालुओं को ठहरने के लिये भवन, युवाओं के लिये खेल मैदान व कुलैथ क्षेत्र में उद्योग की स्थापना शामिल है। साथ ही ग्राम पंचायत सुसैरा, ब्रम्हपुरा, साईंपुरा व ग्राम पंचायत सोजना के बंजारे का पुरा को आबादी क्षेत्र बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस क्षेत्र की महेश्वरा पत्थर खदान को फिर से चालू कराने के लिये राज्य शासन द्वारा भारत सरकार से अनुमति दिलाने के लिये पुरजोर प्रयास करने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री हमेशा सौगातें लेकर आते हैं – सांसद कुशवाह
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर क्षेत्र के लिये हमेशा बड़ी-बड़ी सौगातें लेकर आते हैं। उन्होंने आज भी 87 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगातें दी हैं। साथ ही आज विधानसभा में प्रस्तुत हुए बजट में ग्वालियर क्षेत्र के विकास के लिये लगभग 4 लाख करोड़ से अधिक धनराशि का प्रावधान किया है। श्री कुशवाह ने कहा कि खुशी की बात है कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में पुल-पुलियाओं व सड़कों के निर्माण के लिये भी लगभग 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। उन्होंने इसके लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति क्षेत्रीय जनता की ओर से धन्यवाद व्यक्त किया।
इन हितग्राहियों को सौंपी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान सम्मेलन में सरकार की किसान हितैषी व अन्य योजनाओं के तहत मुख्य मंच से प्रतीक स्वरूप हितलाभ भी वितरित किए। इनमें उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री खाद्य उद्यम योजना के तहत श्री रवि अग्रवाल को सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने के लिये 25 लाख रुपए की सहायता राशि, प्रधानमंत्री कुसुम सोलर योजना के तहत सोलर इकाई के लिये 6 करोड़ 20 लाख, कृषि विभाग के तहत मिनी स्प्रिंकलर के लिये श्री परसराम कुशवाह को 57 हजार, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत घाटीगांव एवं डबरा के संकुल स्तरीय संगठन से जुड़े 34 उत्पादक समूहों को अधोसंरचना व कार्यशील पूंजी मद अंतर्गत साढ़े 95 लाख रुपए एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ही एमकेएसपी परियोजना के तहत एकीकृत कृषि विकास परियोजना में लाइवलीहुड सर्विस सेंटर एवं सीआरपी मानदेय के रूप में 4 दीदियों को दी गई 22 लाख 70 हजार रुपए की आर्थिक सहायता शामिल है।
