अहमदाबाद , 18 फरवरी (वार्ता) शिवम दुबे (66 रन/दो विकेट) और वरूण चक्रवर्ती (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बुधवार को टी-20 विश्वकप के 36वें मुकाबले में नीदरलैंड्स को 17 रनों से शिकस्त दी। भारत की यह टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत है। शिवम दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। भारत सुपर-8 में 22 फरवरी को अपना पहला मुकाबला इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा।
194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स के लिए माइकल लेविट और मैक्स ओ’डाउड की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। छठे ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने मैक्स ओ डाउड 18 गेंदों में 20 रन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। आठवें ओवर में हार्दिक पंड्या ने माइकल लेविट (24) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। 13वें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने कॉलिन ऐकरमैन 15 गेंदों में (23) और आर्यन दत्त (शून्य) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। अगले ओवर में शिवम दुबे ने बास डे लीड 23 गेंदों में (33) को आउटकर नीदरलैंड्स को पांचवां झटका दिया। कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स (15) को बुमराह ने बोल्ड किया। शिवम दुबे ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर जैक लायन 16 गेंदों में (26) रन को आउटकर अपना दूसरा विकेट लिया। नीदरलैंड्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 176 रन ही बना सकी और 17 रनों से मुकाबला हार गई। नोवा क्रोस 12 गेंदों में 26 रन बनाकर नाबाद रहे।
भारत के लिए वरूण चक्रवर्ती ने तीन और शिवम दुबे ने दो विकेट लिये। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद इशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। पांचवें ओवर में आर्यन दत्त ने इशान किशन को बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया। इशान किशन ने सात गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 18 रन बनाये। भारत का तीसरा विकेट तिलक वर्मा के रूप में नौवें ओवर में गिरा। तिलक वर्मा ने 27 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रन बनाये। 14वें ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव आउट हुये। सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 34 रनों की पारी खेली। 20वें ओवर में बाउंड्री पर शिवम दुबे कैच आउट हुये। शिवम दुबे ने 31 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 66 रनों की पारी खेली। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पंड्या पारी की आखिरी गेंद पर 21 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के लगाये।
नीदरलैंड्स् के लिए लोगन वैन बीक को तीन विकेट मिले। आर्यन दत्त ने दो विकेट लिये। काइल क्लीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
