जयपुर 18 फरवरी (वार्ता) राजस्थान में राजधानी जयपुर सहित कई जिलों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई जिससे जगह जगह पानी भर जाने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा वहीं किसानों की फसले भी प्रभावित हुई।
जयपुर में बुधवार सुबह से देर रात रुक-रुककर बरसात हुई सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भी एक जगह पानी भर गया जिससे मरीजों एवं उनके साथ आये लोगों को परेशानी हुई। इसी तरह भीलवाड़ा, कोटा, टोंक, सीकर, झुंझुनूं, अलवर एवं चूरु सहित अन्य कुछ जिलों में हवा और बिजली चमकने के साथ भी बारिश हुई और कई जगह ओलावृष्टि भी हुई। ओले गिरने से किसानों की सरसों की फसल सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है।
बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ गई और हवा चलने से सर्दी बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी तापमान में थोड़ी कमी होगी लेकिन उसके बाद तापमान के बढ़ने की संभावना है।
