एनएचएआई अधिकारियों ने हिमाचल में आपदा से ध्वस्त सड़कों की मरम्म्त के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण-एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिमाचल प्रदेश में आपदाओं के कारण क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण को लेकर क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और राष्ट्रीय राजमागों को दुरुस्त कर यातायात बहाली के लिए तत्काल वित्तीय मदद करने जैसे जरूरी कदम उठाये।

एनएचएआई के प्रमुख संतोष कुमार यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां एनएचएआई के मुख्यालय में हुई वर्चुअल बैठक में मुख्यालय तथा शिमला क्षेत्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया और मंडी में हाल में आई भीषण बाढ़, कुल्लू जिले में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से कीरतपुर-पंडोह-कुल्लू-मनाली कॉरिडोर को हुए नुकसान को लेकर बैठक की। बैठक में स्थिति की समीक्षा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के कीरतपुर-पंडोह-कुल्लू-मनाली खंड पर तत्काल सुधार कार्य शुरू किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कुल्लू-मनाली खंड पर दस स्थान शामिल हैं जो आपदा में पूरी तरह से ध्वस्त हुए हैं और पाँच मूसलाधार बारिश तथा बाढ़ के कारण आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं जिसके कारण पर्यटन नगरी मनाली का राज्य के बाकी हिस्सों से संपर्क टूट गया है। बाढ के कारण हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई वैकल्पिक सड़क को भी नुकसान हुआ है इसलिए केवल हल्के वाहनों को हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग की सड़क से गुजरने की अनुमति दी गई है। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात द्वारा उपयोग की जा रही पीडब्ल्युडी सड़क की तत्काल बहाली और रखरखाव के लिए हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग को वित्तीय सहायता देने का भी निर्णय लिया है।

एनएचएआई ने दुर्गमता को ध्यान में रखते हुए तत्काल संपर्क बहाली के लिए अपने क्षेत्रीय कार्यालय शिमला को तत्काल आवश्यक कार्य करने के वास्ते पर्याप्त धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और उपलब्ध रखरखाव ठेकेदार को भी तैनात कर दिया गया है।

 

 

Next Post

सहायक शिक्षक निलंबित

Fri Aug 29 , 2025
रीवा।मऊगंज जिले के शासकीय प्राथमिक पाठशाला नौढिया में पदस्थ सहायक शिक्षक अंजनी साकेत को डीईओ ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. शराब के नशे में शिक्षक का एक वीडियो वायरल हुआ था. जिसके बाद पूरे मामले की जांच कराई गई. जांच के दौरान सहायक शिक्षक अंजनी कुमार साकेत […]

You May Like