सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के 22 लाख मतदाताओं के नाम फिर से जोड़ने की अपीलों को प्राथमिकता देने के दिये निर्देश

नयी दिल्ली, (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से हटाये गये करीब 22 लाख मतदाताओं के नामों को फिर से जुड़वाने की अपीलों को प्राथमिकता दिये जाने के सोमवार को निर्देश दिये।

मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने अपने आदेश में यह भी कहा कि मतदाताओं के नाम हटाने से जुड़ी अपीलों (जिनमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दायर अपीलें भी शामिल हैं) पर फिलहाल सुनवाई करने की जरूरत नहीं है।

न्यायालय ने भारत निर्वाचन आयोग को निर्देश दिया कि वह कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श करके अपीलीय ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाये। इसमें भी कोलकाता नगर निगम के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की अपीलों को सबसे पहले देखा जाये, क्योंकि वहां जल्द ही निकाय चुनाव होने वाले हैं। इसके साथ ही मामलों का तेजी से निपटारा करने के लिए कोलकाता में केंद्रीय या अन्य जगहों पर उपयुक्त स्थान की पहचान करे।

न्यायमूर्ति बागची ने कहा, “अपीलों को पहले ही दो श्रेणियों में बांट दिया गया है – एक वे जिनमें नाम हटाने की मांग की गयी है, और दूसरी वे जिनमें नाम जोड़ने की मांग की गयी है। हम चाहते हैं कि सबसे पहले नाम जोड़ने वाली अपीलों पर ध्यान दिया जाये। दूसरी बात जिन क्षेत्रों में चुनाव की अधिसूचना जारी होने वाली है या प्रक्रिया चल रही है, वहां के निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़ी अपीलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।”

अदालत को बताया गया कि मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ के बाद कुल 38.31 लाख अपीलें दायर की गयी थीं। इनमें से 22.21 लाख अपीलें हटाये गये नामों को फिर से जुड़वाने के लिए थीं, जबकि 16.10 लाख अपीलें मतदाताओं के नाम शामिल किये जाने को चुनौती देने वाली थीं।

अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि अब तक केवल एक लाख के आसपास अपीलों पर ही फैसला हो पाया है, और इनमें से लगभग 93 प्रतिशत अपीलकर्ताओं को मतदाता सूची में शामिल होने के योग्य पाया गया। उन्होंने कहा कि 22 लाख से अधिक अपीलें अभी भी लंबित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर निकाय चुनाव से पहले इन मतदाताओं के मामलों का निपटारा नहीं हुआ, तो वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कोलकाता नगर निगम क्षेत्र के दो लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिये गये थे और उनकी अपीलें अभी भी लंबित हैं।

श्री भूषण ने इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दायर की गयी अपीलों की वैधता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने तर्क दिया कि ऐसी अपीलें असल में निर्वाचन आयोग द्वारा अपने ही नियुक्त किये गये अपीलीय प्राधिकरण के सामने अपने ही फैसलों को चुनौती देने जैसा है।

न्यायालय ने कहा कि इस मुद्दे पर अंतिम विचार-विमर्श की आवश्यकता होगी और तब तक के लिए ऐसी अपीलों पर सुनवाई न किये जाने और न ही कोई फैसला लिए जाने के निर्देश दिये।

न्यायालय ने उन शिकायतों पर कि मतदाता सूची से बाहर किये गये लोगों को सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, स्पष्ट किया कि यदि वास्तव में किसी व्यक्ति को ऐसे लाभों से वंचित रखा गया है, तो वह उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकता है। न्यायालय ने पश्चिम बंगाल खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के उस आदेश को चुनौती देने वाले मामले पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है, जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों के सत्यापन और उन्हें सूची से हटाने से संबंधित है।

 

 

Next Post

रामपुर में भीषण सड़क हादसा: ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे खेत में गिरी कार, 4 लोगों की मौत

Tue Nov 24 , 2026
रामपुर। सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से 30 फीट नीचे खेत में जा गिरी। इसमें बैठे 4 लोगों की मौत हो गई। सबके शव खेतों में बिखरे पड़े मिले। आग देख आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर […]

You May Like