जबलपुर: ईद मिलाद- उन-नबी के दौरान रद्दी चौकी, कमानिया गेट सहित अन्य क्षेत्रों में कथित रूप से फिलिस्तीनी झंडे लहराए जाने एवं उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला अब गरमा गया है। मामले को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल ने मोर्चा खोलते हुए नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर को शिकायत सौंपी है साथ फिलिस्तीनी झंडे लहराने वालों पर कार्रवाई की मांग की है ।
बजरंग दल महामंत्री अमित उपाध्याय ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, क्योंकि ऐसी घटनाओं से सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो सकती है। संगठन ने प्रशासन से किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाए बिना तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। संबंधित वायरल वीडियो एवं फोटो की जांच कर उसमें दिखाई देने वाले व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन किया जाए। साथ ही घटनास्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल किया जाए।इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल जबलपुर विभाग मंत्री सोनू श्रीवास्तव, निखिल विश्वकर्मा, मुकेश गौतम, राहुल पटेल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
