
इंदौर. बिना हेलमेट चलती बुलेट पर स्टंट करती एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई है और साइबर टीम ने उसकी लोकेशन और पहचान पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
शहर की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर खतरनाक स्टंट करने का सिलसिला थम नहीं रहा है. ताजा मामला एक युवती का है, जो बिना हेलमेट बुलेट बाइक चलाते हुए हाथ छोड़कर स्टंट करती नजर आ रही है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है. मामले में एडिशनल डीसीपी क्राईम राजेश दंडोतिया ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी उन्हें साइबर टीम से मिली है. टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब और किस इलाके में शूट किया. प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है. अधिकारी ने कहा कि इस तरह के वीडियो न केवल खुद की जान को खतरे में डालते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं. “ऐसे स्टंट आम लोगों को गलत संदेश देते हैं,” उन्होंने कहा. पुलिस ने युवती की पहचान और पते की तलाश शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, युवती के मिलने पर पुलिस उसे समझाइश देने के साथ चालानी कार्रवाई भी करेगी. वहीं, साइबर टीम वायरल वीडियो के स्रोत और अपलोड करने वाले यूजर की भी जांच कर रही है.
