
इंदौर. महिला विश्व कप मैच के दौरान लैंटर्न चौराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब एक युवक खून से लथपथ तलवार लेकर राहगीरों पर चिल्लाने लगा. मौके पर मौजूद यातायात पुलिस की सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टल गई और युवक को थाने पहुंचा दिया.
महिला विश्व कप मैच के दौरान रविवार दोपहर लैंटर्न चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई थी. एक युवक अचानक खून से सनी तलवार लेकर सड़क पर पहुंचा और हवा में उसे लहराने लगा. उसकी हरकतों से वहां से गुजर रहे लोग सहम गए. युवक न सिर्फ तलवार लहरा रहा था, बल्कि राहगीरों को अपशब्द भी कह रहा था. घटना दोपहर करीब पौने चार बजे की है, उस समय यातायात जोन-3 की टीम मैच के कारण लगाए गए डायवर्शन की व्यवस्था देख रही थी. तभी टीम ने देखा कि एक काली पल्सर बाइक मालवा मिल की ओर से आती हुई यू-टर्न लेते वक्त फिसल गई, और उसके साथ एक तलवार भी सड़क पर गिरी. बाइक सवार युवक जैसे ही उठा, उसने तलवार उठाई और हवा में लहराते हुए लोगों पर चिल्लाने लगा. मौके पर मौजूद सूबेदार अमित कुमार यादव, सैनिक सूरज, आरक्षक प्रवीण, आशीष और अभिषेक तुरंत हरकत में आए. उन्होंने देखा कि युवक के कपड़ों के साथ बाइक पर भी खून लगा हुआ है. टीम ने स्थिति को संभालते हुए युवक को काबू किया, तलवार छीनी और तुरंत ऑटो में बैठाकर थाने भेजा. सूबेदार यादव ने बताया कि युवक ने अपना नाम विजय, निवासी बाणगंगा बताया है. वह उस समय इतना उग्र था कि पुलिसकर्मियों के कपड़ों पर भी उसका खून लग गया. पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
