
जबलपुर। शहरी क्षेत्र के जनगणना कार्य में जबलपुर ने एक ऐतिहासिक कार्य किया है। नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे जनगणना कार्य में 99.2 प्रतिशत की अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। इस महाअभियान में जुटे कुल 1,974 प्रगणकों में से अब मात्र 16 प्रगणकों का ही हाउस लिस्टिंग का कार्य शेष रह गया है, जिसे जल्द ही शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, निर्धारित सभी 1,958 एच.एल.बी. हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य सफलताप्रद ढंग से पूर्ण कर लिया गया है।
ऐतिहासिक सफलता को रेखांकित करने के लिए सोमवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 चार्ज अधिकारियों क्रमश: भगवान सिंह दागी चार्ज 8 भानतलैया, संतोष पाण्डेय चार्ज 11 राजागोकुलदास धर्मशाला, मयंक चैरसिया चार्ज 12 घण्टाघर, सुदीप सिंह पटैल चार्ज 14 क्षेत्रीय बस स्टेण्ड एवं महेन्द्र सिंह उइके चार्ज 16 आनंद नगर को वाटर बोतल, डायरी, पेन और विशेष प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निगमायुक्त ने बताया कि यह सफलता पूरी टीम के कड़े परिश्रम का परिणाम है। 99.2 प्रतिशत का आंकड़ा छूना यह साबित करता है कि जबलपुर हर बड़े और राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समय सीमा में और पूरी शुद्धता के साथ करने में अग्रणी है।
बैठक में निगमायुक्त के साथ जनगणना निदेशालय भोपाल से विशेष रूप से वरिष्ठ अधिकारी मनोज नाथानी एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. चंद्रशेखर राजहंस, अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, जनगणना सेल नगर निगम जबलपुर के हरनारायण पटेल, राजेश बमनेल, राजेश पासी एवं विकास खरे सहित सभी चार्ज अधिकारी और लिपिकीय स्टाफ आदि उपस्थित रहे।
