हाथियों की सुरक्षा में विद्युत आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में आक्रोश

सीधी। हांथियों की सुरक्षा में विद्युत आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में आक्रोश देखा जा रहा है। वन विभाग के निर्देश पर विद्युत विभाग रोजाना जिले के दो दर्जन से अधिक गांवों की विद्युत सप्लाई बंद कर रहा है। सप्ताह भर से हांथियों की जारी चहलकदमी से परेशान वन विभाग समस्या दूर करने में नाकाम है।

जिले में आज नौवें दिन भी जंगली हांथियों के चलते दहशत की स्थिति निर्मित रही। जंगली हांथियों का मूवमेंट आज जिला मुख्यालय के समीपी ग्रामीण क्षेत्रों में रहा। लिहाजा जंगली हांथियों के पीछे चलने वाली संयुक्त टीम भी काफी अलर्ट मोड में नजर आई। जंगली हांथियों का लोकेशन रविवार को जहां बढ़ौरा क्षेत्र में रहा। वहीं आज सुबह जंगली हाथी अमरवाह, कुर्रवाह और भेलकी से लगे जंगलों में पहुंच गए। जंगली हांथियों के आसपास लोग न जाएं इसको लेकर वन अमला सबसे ज्यादा सक्रिय है। वन टीम द्वारा हांथी के पहुंचने के संभावित गांवों में पूर्व से ही पहुंचकर एलाउंसमेंट में लगा हुआ है। एलाउंसमेंट के मार्फत लोगों को समझाइस दी जा रही है कि अपने घर से महुआ एवं उसके गंध से संबंधित सामग्री पूरी तरह से नष्ट कर दें। महुआ की गंध मिलने पर हांथी सबसे ज्यादा आकर्षित होता है। साथ ही लोगों को यह भी समझाईस दी जा रही है कि जंगली हांथियों के आने की भनक पाकर आसपास न पहुंचें। हांथी को देखने के लिए कुछ क्षेत्रों में लोगों की अनावश्यक भीड़ उमड़ती है। जिसको नियंत्रित करने में भी वन टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। कुछ स्थानों में तो असमाजिक तत्वों के चलते स्थिति और भी ज्यादा अनियंत्रित हो जाती है। जिसके चलते पुलिस को भी मौके पर बुलाना पड़ रहा है। हांथी के पीछे लगी संयुक्त टीम में वन विभाग, राजस्व विभाग, वन विकास निगम, पुलिस विभाग, बांधवगढ़ रिजर्व क्षेत्र से आई वन टीम भी शामिल है।

चर्चा के दौरान संयुक्त टीम में शामिल वनपाल पंकज मिश्रा ने बताया कि जंगली हांथियों का मूवमेंट जिन संभावित क्षेत्रों में आगे हो सकता है वहां जागरुकता अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही एलाउंसमेंट कर लोगों को जागरुक किया जा रहा है कि जंगली हांथियों के आसपास न जाएं। इंसान को देखकर हांथी काफी ज्यादा विचलित हो जाता है और उस दौरान उसका ब्यौहार कभी-कभी काफी आक्रामक हो जाता है।

अंधेरे में बोर्ड परीक्षार्थियों की चौपट हो रही पढ़ाई

जिले में जंगली हांथियों के खतरे को रोकने संबंधित क्षेत्रों के गांवों की बिजली आपूर्ति बंद होने से सबसे ज्यादा परेशानी का सामना बोर्ड परीक्षार्थियों को करना पड़ रहा है। रात में बिजली सप्लाई बंद होने से परीक्षार्थियों की पढ़ाई चौपट हो रही है। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिये इन दिनों रात में बिजली की नियमित आपूर्ति काफी आवश्यक है। फिर भी जंगली हांथियों के चलते बिजली सप्लाई संबंधित क्षेत्रों के गांवों में बंद करने का सिलसिला अनवरत रूप से चल रहा है।

प्रभावित क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से समस्या दूर करने लगाई गुहार

जंगली हांथियों के आने से प्रभावित गांव के लोग सबसे ज्यादा दहशत एवं सांसत में हैं। जंगली हांथी 24 घंटे में करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। इस वजह से उनको सीधी जिले से बाहर होने में अभी कई दिन लगेंगे। जंगली हांथियों का मूवमेंट सोन नदी के समीपी गांवों में बना हुआ है। इसी रास्ते से जंगली हांथी बगदरा अभ्यारण्य की ओर से बढ़ रहे हैं। जंगली हांथियों के पहुंचने से पूर्व ही संबंधित क्षेत्रो में सुरक्षा को लेकर काफी दहशत बन जाती है। प्रभावित क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से समस्या दूर करने की गुहार लगाई है।

००

इनका कहना है

जंगली हांथी शांतिपूर्ण तरीके से अभी तक अपना रास्ता तय कर रहे हैं। उसमें विभाग कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता। लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि हांथी से दूरी बनाकर रखें और स्वत: सुरक्षित रहें। अभी तक लोगों का इस कार्य में अच्छा सहयोग मिला है, जल्द ही हांथी अपनी दिशा में आगे बढ़ जायेंगे। जहां तक बिजली संबंधित क्षेत्रों में बंद कराने का सवाल है तो यह काफी आवश्यक है। रात में करंट प्रवाहित तार टूटने की घटनाएं हो सकती हैं। इसी वजह से मजबूरी में हांथी के पहुंचने के संभावित क्षेत्रों की बिजली सप्लाई बंद की जा रही है। बोर्ड परीक्षाओं के विद्यार्थियों को हो रही असुविधा के लिये हमें खेद है किन्तु सुरक्षा के लिहाज से यह करना हमारी मजबूरी भी है, इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है।

श्रीमती प्रीति अहिरवार, डीएफओ, वन मंडल सीधी

सीधी जिले में वर्तमान में जंगली हांथियों के आने से अलग-अलग क्षेत्रों में संभावित खतरे के मद्देनजर वन विभाग की सूची के अनुसार गांवों की बिजली सप्लाई बंद की जा रही है। बिजली सप्लाई बंद होने से बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को अवश्य सुविधा हो रही है, किन्तु वन विभाग के सूचना पर संभावित खतरे के लिहाज से वे बिजली आपूर्ति बंद करने के लिये मजबूर हैं। ऐसा नियम भी है।

पंचराज तिवारी, अधीक्षण यंत्री, म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं. संभाग सीधी

Next Post

पुलिस ने की सभी थानों की मासिक रैंकिंग जारी, विजयनगर अव्वल

Mon Feb 23 , 2026
इंदौर। शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू की गई थानों की मासिक मूल्यांकन प्रणाली के जनवरी माह के परिणाम घोषित कर दिए हैं. निर्धारित मानकों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ज़ोन-02 का थाना विजयनगर प्रथम स्थान पर रहा, जबकि […]

You May Like