
इंदौर। शहर में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शुरू की गई थानों की मासिक मूल्यांकन प्रणाली के जनवरी माह के परिणाम घोषित कर दिए हैं. निर्धारित मानकों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ज़ोन-02 का थाना विजयनगर प्रथम स्थान पर रहा, जबकि ज़ोन-03 का थाना सेंट्रल कोतवाली अंतिम पायदान पर रहा.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि रैंकिंग प्रणाली का उद्देश्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के माध्यम से बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की संतुष्टि, तुरंत कार्रवाई और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानों को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन करने वाले थानों को सुधार का अवसर देते हुए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. जनवरी माह में संबंधित ज़ोन की डीसीपी की अध्यक्षता में गठित समिति ने अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण, जनसंतुष्टि, शिकायत निवारण, नवाचार और कानून-व्यवस्था बनाए रखने जैसे विभिन्न बिंदुओं पर थानों के प्रदर्शन की समीक्षा की. समग्र मूल्यांकन के बाद विजयनगर थाना बेहतर समन्वय, तुरंत कार्रवाई और प्रभावी अपराध नियंत्रण के चलते प्रथम स्थान पर रहा. वहीं निर्धारित मानकों पर अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन के कारण सेंट्रल कोतवाली को अंतिम स्थान मिला. कमिश्नरेट स्तर पर स्पष्ट किया है कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारी और स्टाफ को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि कमजोर प्रदर्शन वाले थाने के प्रभारी एवं स्टाफ को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा. यदि प्रशिक्षण के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो विभागीय स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में लागू इस प्रणाली का उद्देश्य थानों के कार्य निष्पादन को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाना है. इसके तहत सभी 32 थानों के कार्यों का आकलन तय मापदंडों के आधार पर मासिक समीक्षा के माध्यम से किया जाता है. इस पहल से थानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और आमजन को बेहतर, संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिस सेवा मिल सकेगी.
