इंदौर:महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा शनिवार सुबह वार्ड क्रमांक 44 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद निशा रुपेश देवलिया, अपर आई स्पेशलिस्ट आशीष पाठक एवं अन्य उपस्थित रहे.महापौर भार्गव ने निरीक्षण के दौरान एमआर-9 रोड, प्रकाश चंद सेठी नगर सहित अन्य कॉलोनियों का दौरा कर वहां की सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण, नालियों की स्थिति तथा पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
उन्होंने क्षेत्रीय रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया. इस दौरान नागरिकों द्वारा सफाई व्यवस्था संतोषजनक बताते हुए कुछ सुधार के लिए सुझाव बताए तथा पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी गई. महापौर ने नागरिकों के सुझाव पर एवं पेयजल आपूर्ति की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करें
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड में सफाई कार्य ओर सुचारू रूप से चलाएं, कचरा संग्रहण समयबद्ध तरीके से हो तथा पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आने दी जाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और क्षेत्र में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का स्तर और बेहतर बनाया जाए.
