जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर नौ विश्व नेताओं से मिले मोदी

कनानास्किस (कनाडा) 18 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय आयोग, यूरोपीय परिषद, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं के साथ संक्षिप्त द्विपक्षीय मुलाकात की।
श्री मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इन मुलाकातों की जानकारी दी और तस्वीरें भी साझा कीं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि श्री मोदी ने मंगलवार को जी7 शिखर सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ सार्थक और गर्मजोशी भरी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विकासशील देशों के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
एक्स पर ब्राजील के राष्ट्रपति की पोस्ट का जवाब देते हुए श्री मोदी ने लिखा, “ दो प्यारे दोस्तों, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति रामफोसा और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के साथ शानदार बातचीत हुई। हम वैश्विक दक्षिण के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुखर रहने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को लेकर अडिग हैं। इसे बेहतर बनाने के लिए जो कुछ भी करना होगा, हम वो सब करने के लिए समान रूप से दृढ़ हैं।”
प्रधानमंत्री की यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष सुश्री उर्सुला वॉन डेर लेयेन तथा यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ सार्थक बातचीत हुई।
श्री मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ भी गहन विचार-विमर्श किया। दोनों नेताओं ने इस बात की पुष्टि की कि भारत और जापान विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “कनाडा में जी 7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ गहन विचार-विमर्श। भारत और जापान विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री सुश्री जियोर्जिया मेलोनी से भी मुलाकात की। श्री मोदी ने कहा कि इटली के साथ भारत की मित्रता और मजबूत होती रहेगी, जिससे हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा। एक्स पर इटली की प्रधानमंत्री की एक पोस्ट के जवाब में श्री मोदी ने लिखा, “ मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी। इटली के साथ भारत की मित्रता और मजबूत होती रहेगी, जिससे हमारे लोगों को बहुत लाभ होगा!”
श्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत की। विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करते हुए दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि भारत और फ्रांस मिलकर विश्व की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “अपने मित्र राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करना और विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करना हमेशा खुशी की बात होती है। भारत और फ्रांस विश्व की बेहतरी के लिए साथ मिलकर काम करते रहेंगे।”
प्रधानमंत्री ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्‍युंग और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ भी बातचीत की।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के बारे में श्री मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंध मजबूत हो रहे हैं, जो व्यापार और वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में हमारी प्रगति से झलकता है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ बातचीत असाधारण रही। भारत और ब्रिटेन के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं, व्यापार और वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में हमने जो प्रगति की है, उसमें झलकता है। हम इस अद्भुत दोस्ती को और भी गति देने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
दक्षिण कोरियाई नेता से मुलाकात के बारे में श्री मोदी ने कहा कि भारत और कोरिया वाणिज्य, निवेश, प्रौद्योगिकी, ग्रीन हाइड्रोजन, पोत निर्माण आदि क्षेत्रों में मिलकर काम करना चाहते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रपति ली जे-म्‍युंग के साथ कनाडा में मेरी बहुत अच्छी बैठक हुई। भारत और कोरिया वाणिज्य, निवेश, प्रौद्योगिकी, ग्रीन हाइड्रोजन, पोत निर्माण और अन्य क्षेत्रों में मिलकर काम करना चाहते हैं।”
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री से मुलाकात के बारे में उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेरे मित्र ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज़ से मिलकर अच्छा लगा!”

Next Post

ईरान की तरफ हमलों का ‘बंवडर’ जा रहा है, इजरायली रक्षा मंत्री

Wed Jun 18 , 2025
यरूशलम/ तेहरान, 18 जून (वार्ता) ईरान पर इजरायल के जारी लगातार हवाई हमलों का जिक्र करते हुये इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा है कि ईरान पर हमलों का ‘बवंडर’ भेजा जा रहा है। समाचार पत्र यरूशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक श्री कैट्ज ने कहा कि […]

You May Like