मुठभेड़ के बाद पाँच पशु चोर गिरफ्तार

सतना:मानिकपुर थाना क्षेत्र स्थित काली घाटी में खंभेश्वर आश्रम के समीप शनिवार को तड़के मवेशी चोरी करने आए बदमाश गिरोह से पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। दोनो तरफ से फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। जबकि मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस ने पांच बदमाशों को घेराबंदी कर दबोच लिया है। घायल दोनो बदमाशों व सिपाही को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

जिले में इधर लगातार एक माह से सर्वाधिक ग्रामीण अंचलों में बदमाशों व चोर गैंग की धमाचौकड़ी की चर्चाएं लोगों के बीच छाई रही है। कई गांवों में लामबंद ग्रामीणों ने संदिग्धों के नजर आने पर लाठी-डंडे लेकर खदेड़ा भी है। फिर भी पुलिस इसे महज अफवाह ही मानकर चल रही थी। शनिवार की शाम पुलिस को जानकारी हुई कि पशु चोर गैंग के सदस्यों ने कुछ मवेशियों की चोरी की है। जिनको वह रात में ले जाने वाले है।

फलस्वरुप मानिकपुर, मारकुंडी, कोतवाली कर्वी, बहिल पुरवा थाना का पुलिस फोर्स बदमाशों की तलाश में जुट गया। शनिवार को तड़के करीब तीन बजे यूपी 112 को किसी ने मवेशी चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। काली घाटी के पास मौजूद मवेशी चोर गिरोह की पुलिस टीम ने घेराबंदी की। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।

पुलिस की गोली लगने से 35 वर्षीय बदमाश नूर आलम निवासी अलीगंज थाना पोखराज जनपद कौशांबी व 27 वर्षीय जाफर अली निवासी खुशी गली नंबर एक मस्जिद के पास सिटी कोतवाली सतना मप्र घायल हो गए। जबकि बदमाशों की गोली लगने से एसओजी सिपाही ज्ञानेश मिश्रा भी जख्मी हुआ है। उसके हाथ में गोली लगी है। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसपी अरुण कुमार सिंह, एएसपी सत्यपाल सिंह, सीओ मऊ मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए दोनो घायलों के अलावा 20 वर्षीय मो अयान पुत्र मो असलम निवासी नजीराबाद सतना, 20 वर्षीय अंकुल यादव पुत्र गुलाब यादव निवासी नया गांव थाना सभापुर सतना व 35 वर्षीय विजय सिंह चौहान निवासी मुख्तियार गंज सतना मप्र को दबोच लिया। एसपी ने बताया कि बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे बरामद किए गए है। कुछ बदमाश जंगल का फायदा उठाते हुए भाग निकले है।

घायल बदमाशों को सीएचसी मानिकपुर व सिपाही को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया कि बदमाश चोरी की गई भैंसों को लेने आए थे। यह लोग कार से रेकी करने के बाद मवेशियों की चोरी करते रहे है। मौके से डीसीएम, कार के अलावा चोरी की गई सात भैसें भी बरामद की गई है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ संबंधित जनपदों में कई मुकदमे पहले से भी दर्ज है। मुठभेड़ के दौरान भागने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।

Next Post

शिवपुरी में आज 3 घंटे बिजली कटौती:शहर की कई कॉलोनियों में सप्लाई प्रभावित

Sun Aug 31 , 2025
शिवपुरी: शिवपुरी में मेंटेनेंस कार्य के चलते आज रविवार को बाणगंगा उपकेंद्र के 7 फीडर्स की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। प्रभावित फीडर्स में 11 केवी सोनचिरैया, बीलौद, शिवपुरी सिटी, टीवी टावर, आरके पुरम, विष्णु मंदिर और सेलिंग क्लब फीडर शामिल हैं।बिजली कटौती सुबह से शुरू हुई है […]

You May Like