मौसम की पहली तूफानी बारिश, पूरा शहर जलमग्न

इंदौर। लंबे समय से जिस तेज बारिश का शहर में इंतजार किया जा रहा था, वो आज पूरा हो गया । करीब डेढ़ घंटे तूफानी बारिश हुई और पूरा शहर जलमग्न हो गया। शहर की कोई ऐसी सड़क और कॉलोनी नहीं बची, जो बारिश के पानी डूबी नहीं हो। हालांकि बारिश शाम छह बजे तक भी होती रही। आज शहर में तीन इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है और इस तरह शहर की बारिश का आंकड़ा 24.5 इंच हो गया है।

आज सुबह कड़ी धूप निकली और धीरे धीरे दोपहर तक काले बादलों ने शहर में डेरा डाल दिया । दोपहर करीब दो बजे से लेकर 3.45 बजे तक मूसलाधार बारिश ने तूफान ला दिया । मानो पूरा शहर थम सा गया और जलमग्न हो गया। शहर की ऐसी कोई सड़क नहीं बची जो पानी में डूबी नहीं हो। यही स्थिति कॉलोनियों की थी और सारी जगह पानी भर गया ।

कई इलाकों में तो लोगों के घरों में पानी भरा गया। कही पानी के बहाव में कारें और गणेश पंडाल बह गए या टूट गए। प्रजापत नगर में गणेश जी का तेज बहाव में विसर्जन ही हो गया।

शहर में एक बार फिर नगर निगम के चेंबर सफाई से लेकर ड्रेनेज चौक होने की पोल खुल गई। ज्यादातर स्थानों और प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गई। हालांकि नगर निगम के आपदा दल ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया और मैदान में जल निकासी के लिए चेंबर और नालियों सहित जलजमाव प्वाइंट पर मुस्तैदी से काम किया।

निगम के आपदा दल ने जहां का प्वाइंट मिला, वहां पहुंच कर बंद पड़े चेंबर या स्ट्रार्म वॉटर लाइन के ढक्कन खोले।

आज बारिश का कहर इस कदर था कि यदि दो घंटे बादल और बरस जाते तो शहर के हालात बेकाबू हो जाते। 4 बजे बारिश थम गई या यूं कहे कि बहुत धीमी हो गई और सड़कों से पानी उतर गया।

 

यातायात जाम

बारिश के कारण शहर की बीआरटीएस, सुपर कॉरिडोर, से लेकर कलेक्टर चौराहा, हरसिद्धि, सुदमानगर , फूटीकोठी, प्रजापत नगर, द्वारकापुरी, मालवीनगर, रोबोट चौराहे, रिंग रोड की सर्विस रोड, विजय नगर, राजीव गांधी चौराहे, राजेंद्र नगर, एयरपोर्ट, बड़ा गणपति, नगर निगम चौराहा, एमजी रोड, जवाहर मार्ग, रामबाग, एमआर 10 , सुखलिया, बापट चौराहा, स्कीम 78,54,74, परदेशीपुरा, पाटनीपुरा, मालवामिल, छावनी, सपना संगीता, नौलखा, अग्रसेन चौराहा, जूनी इंदौर, बड़ा रावला, सरवटे और गंगवाल बस स्टैंड सहित सभी जगह जलजमाव से यातायात जाम हो गया था। वाहन चालक जलजमाव के कारण जाम में परेशान होते रहे।

 

चंद्र भागा और प्रजापतनगर डूबा

 

जूनी इंदौर क्षेत्र का चंद्रभागा की स्थिति इतनी खतरनाक थी की वहां ढाई से तीन फीट पानी भरा हुआ था। स्कूटर तो ठीक है कार और बड़े वाहन भी नहीं जा सके। कई घरों के आगे तीन से चार फीट पानी जमा था। वही द्वारकापुरी प्रजापत नगर में तो बाढ़ जैसा दृश्य देखने को मिला । पानी की रफ्तार इतनी तेज की कार और गणेश जी की भारी मूर्ति भी बह गई।

Next Post

कराड़ा के दो रूप: बेरछा में भाजपा से दूरियां, शाजापुर में कांग्रेस से नजदीकियां

Sat Aug 30 , 2025
शाजापुर।शोभायात्रा भगवान देवनारायण की निकली, लेकिन इस शोभायात्रा में राजनीति के दो रूप देखने को मिले. बेरछा में भगवान देवनारायण की शोभायात्रा में भाजपा के मंच से पूर्व जिलाध्यक्ष अम्बाराम कराड़ा ने दूरियां बनाकर भाजपा के नेताओं को दूर से ही राम-राम कहा, लेकिन शाजापुर में शोभायात्रा के दौरान अम्बाराम […]

You May Like