यरूशलम/ तेहरान, 18 जून (वार्ता) ईरान पर इजरायल के जारी लगातार हवाई हमलों का जिक्र करते हुये इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज ने कहा है कि ईरान पर हमलों का ‘बवंडर’ भेजा जा रहा है।
समाचार पत्र यरूशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक श्री कैट्ज ने कहा कि ईरान के ‘सरकारी राज्य प्रसारक’ से ईरानी प्रशासन के प्रतीक चिह्न हटाये जा रहे हैं और फिर जल्द ही ऐसे अन्य लक्ष्यों से भी ये हटाये जायेंगे। ये सभी ढह रहे हैं।
श्री कैट्ज ने कहा कि इजरायली हमलों और उसके नागरिकों को इस बाबत तेहरान छोड़ने की चेतावनी दिये जाने के कारण वहां से नागरिक तेजी से भाग रहे हैं।
इजरायल सुरक्षा बल के अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार दोपहर तक कम से कम सैकड़ों लोगों ने तेहरान छोड़ दिया था। बाद में हालांकि विदेशी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि हज़ारों लोग वहां से चले गये थे।
विदेशी रिपोर्टों के अनुसार इजरायल का तेहरान के नागरिकों को शहर छोड़ने का आदेश उस विशिष्ट क्षेत्र के लिए हैं, जिसमें लगभग तीन लाख ईरानी नागरिक रहते हैं।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कल तेहरान के निवासियों से कहा था कि वे शहर छोड़ दें, क्योंकि इजरायल ने आईआरआईबी मुख्यालय पर हमला किया था। ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे नष्ट करने के लिए अमेरिका संघर्ष में प्रत्यक्ष सैन्य भागीदारी पर भी विचार कर रहा है।
उधर, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘महान हैदर’ के नाम पर लड़ाई शुरू होती है।
बाद में उन्होंने कहा कि ईरान को इजरायल की आक्रामकता का त्वरित और कठोर जवाब देना चाहिए।

