ग्वालियर: ग्वालियर के कांग्रेसजन आज 8 जुलाई को सुबह 6 बजे ग्वालियर रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस द्वारा अशोकनगर के लिए रवाना हुए। ये कार्यकर्ता वहां न्याय सत्याग्रह में सम्मिलित होंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा भी सभी कार्यकर्ताओ के साथ इसी ट्रेन से अशोक नगर गए हैं। डबरा से भी विधायक सुरेश राजे के नेतृत्व में कांग्रेसजन अशोकनगर रवाना हुए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने अशोकनगर रवाना होने से पहले नवभारत से कहा कि हर वार्ड और हर बूथ से, हर कार्यकर्ता, हर पदाधिकारी अपनी पूरी ताकत के साथ इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई में शामिल है।शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ पुलिस थाना मुंगावली में जो झूठी एफआईआर दर्ज की गई है, वह न केवल एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि यह पूरे लोकतंत्र, सत्य, और जनभावनाओं पर हमला है।
यह एफआईआर सत्ता पक्ष के इशारे पर, राजनीतिक द्वेषवश, प्रशासन पर दबाव बनाकर दर्ज की गई है। यह सरासर अन्याय है, और कांग्रेस पार्टी अन्याय के खिलाफ कभी चुप नहीं बैठी है, न आज बैठेगी। आज 8 जुलाई को अशोकनगर में मप्र कांग्रेस कमेटी का प्रदर्शन सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि सत्य की पुकार है, लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान और जनविरोधी तंत्र के विरुद्ध जनशक्ति की हुंकार है।
