
छतरपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छतरपुर के चौक बाजार से भाई-बहन के स्नेह और पुलिस के मानवीय चेहरे की तस्वीर सामने आई। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी माया कोदर ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ राहगीर भाइयों को राखी बांधकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
ड्यूटी के दौरान माया कोदर ने कई भाइयों की कलाई सूनी देखी। उन्होंने पास की दुकान से राखी, रोली-सिंदूर और रुमाल खरीदा। इसके बाद उन्होंने साथी कर्मचारियों और वहां से गुजर रहे भाइयों का तिलक कर उनकी कलाई पर राखी बांधी और रुमाल भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
अचानक राखी बंधने से भाइयों के चेहरों पर खुशी नजर आई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने महिला पुलिसकर्मी की इस संवेदनशील पहल की सराहना की। माया कोदर ने ड्यूटी निभाने के साथ यह संदेश दिया कि त्योहार की खुशियां अपनों तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों के साथ भी बांटी जा सकती हैं।
