ढाई साल की उम्र में फिल्मों में कदम रखने वाली हनी ईरानी 60 के दशक की लोकप्रिय बाल कलाकार रहीं। लड़कों के किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली हनी का मीना कुमारी से खास रिश्ता रहा।
हिंदी सिनेमा की दुनिया में हनी ईरानी का नाम आज भले ही फरहान अख्तर और जोया अख्तर की मां या एक सफल पटकथा लेखिका के तौर पर जाना जाता हो, लेकिन उनका सफर इससे कहीं ज्यादा रोचक और प्रेरणादायक रहा है। बहुत कम लोग जानते हैं कि हनी ईरानी ने महज ढाई साल की उम्र में फिल्मों में कदम रख दिया था और 1960 के दशक में वह हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय बाल कलाकारों में शुमार थीं। उस दौर में उनकी मौजूदगी इतनी अहम हो गई थी कि कई फिल्मों की स्क्रिप्ट तक उनके किरदारों को ध्यान में रखकर बदली जाती थी।
17 जनवरी को जन्मीं हनी ईरानी ने बाल कलाकार के रूप में अपनी शुरुआत ऐसे समय में की, जब फिल्मों में बच्चों के लिए सीमित मौके हुआ करते थे। इसके बावजूद उनकी मासूमियत, घुंघराले बाल और आंखों से भाव व्यक्त करने की कला ने दर्शकों का दिल जीत लिया। खास बात यह रही कि फिल्मों में उन्होंने कई बार लड़कों का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी बहन डेजी ईरानी भी उस समय एक जानी-मानी चाइल्ड आर्टिस्ट थीं और दोनों बहनों की जोड़ी पर्दे पर काफी लोकप्रिय रही।
